गेंद से छेड़छाड़ मामले की समीक्षा के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तय की छह सप्ताह की समय सीमा
मेलबर्न, 27 नवंबर (हि.स.)। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए गेंद से छेड़छाड़ विवाद की समीक्षा के लिए गठित स्वतंत्र मंच के संदर्भ की शर्तें जारी कर दी हैं। इस मंच के माध्यम से उस दौरे का हिस्सा रहे खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ अपने अनुभव साझा कर सकेंगे। हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बोर्ड को किसी भी प्रतिभागी की व्यक्तिगत गवाही उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। बोर्ड को केवल सामने आए प्रमुख मुद्दों और सिफारिशों वाली रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
संदर्भ की शर्तों के तहत बोर्ड को मंच के सामने रखे गए व्यक्तिगत विवरण नहीं दिखाए जाएंगे। स्वतंत्र वरिष्ठ अधिवक्ता फियोना मैकलियोड एओ एससी के नेतृत्व में चलने वाली इस प्रक्रिया की अवधि छह सप्ताह होगी। इस दौरान संबंधित लोग निजी तौर पर अपने अनुभव साझा कर सकेंगे। बोर्ड को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट में सामने आए प्रमुख मुद्दों और सिफारिशों का उल्लेख होगा, लेकिन व्यक्तिगत गवाही या उससे जुड़े सहायक दस्तावेज शामिल नहीं होंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया रिपोर्ट मिलने के 30 दिनों के भीतर उसे अपनी प्रतिक्रिया के साथ पूरी तरह सार्वजनिक करेगा।
इस मंच की घोषणा उस समय की गई, जब उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘सब्र’ के सामने आने के बाद 2018 की घटना एक बार फिर चर्चा में आ गई। ख्वाजा ने दावा किया था कि सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से दंडित किए गए तीन खिलाड़ियों से कहीं अधिक लोगों को थी। डेविड वार्नर और कैमरन बेनक्रॉफ्ट ने उनके बयान के कुछ हिस्सों का समर्थन किया है, जबकि पैट कमिंस और अन्य गेंदबाजों का कहना रहा है कि उन्हें इस योजना की जानकारी नहीं थी।
यह स्वतंत्र मंच 2017-18 सत्र के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम में गेंद के रखरखाव से जुड़ी प्रक्रियाओं, दक्षिण अफ्रीका दौरे के सभी चार टेस्ट मैचों, 24 मार्च 2018 को केपटाउन में तीसरे टेस्ट के दौरान बेनक्रॉफ्ट से जुड़ी घटना और इस मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से की गई जांच की समीक्षा करेगा। हालांकि, मंच न तो उस जांच को दोबारा खोलेगा और न ही यह तय करेगा कि इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दौरे का हिस्सा रहे सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के साथ-साथ उस समय के क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया प्रबंधन और निदेशकों को भी इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया है। प्रतिभागी फियोना मैकलियोड से व्यक्तिगत रूप से या ऑनलाइन बातचीत कर सकते हैं। इसके अलावा वे लिखित विवरण और दस्तावेज भी उपलब्ध करा सकते हैं। इसमें भाग लेना स्वैच्छिक होगा और प्रतिभागियों को अपने साथ सहयोगी व्यक्ति या वकील रखने की अनुमति होगी।
शर्तों के अनुसार, किसी अन्य प्रतिभागी से स्पष्टीकरण मांगते समय मंच यह खुलासा नहीं कर सकेगा कि जानकारी किस व्यक्ति ने दी है, जब तक संबंधित व्यक्ति इसकी अनुमति न दे। प्रतिभागियों को बताया जाएगा कि उनकी जानकारी तक किसकी पहुंच होगी। उन्हें अपने बयान की सटीकता जांचने का अवसर भी दिया जाएगा। मंच को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के एथिक्स सेंटर की ओर से 2018 में की गई संस्कृति और संचालन व्यवस्था की समीक्षा रिपोर्ट के साथ-साथ मांगे गए अन्य प्रासंगिक दस्तावेजों तक भी पहुंच मिलेगी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “हम फियोना मैकलियोड एओ एससी के आभारी हैं कि उन्होंने स्वतंत्र मंच का नेतृत्व करने की सहमति दी है। इस मंच की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है कि दक्षिण अफ्रीका के 2018 टेस्ट दौरे पर गए सभी खिलाड़ियों और स्टाफ को अपनी बात रखने का अवसर मिल सके। यह उनके लिए सुरक्षित माहौल में अपना पक्ष रखने और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोर्ड को उस दौरे की घटनाओं तथा उसके बाद हुई जांच सहित प्रासंगिक जानकारी उपलब्ध कराने का अवसर है।
उन्होंने कहा, हम इस बात से पूरी तरह अवगत हैं कि आठ साल पहले हुए इस दौरे पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित होने का इसमें शामिल लोगों पर कितना गहरा असर पड़ा है। उनकी भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। यह मंच लोगों के लिए अपनी बात कहने और सुने जाने का सबसे अच्छा अवसर है। साथ ही, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के लिए सुनने और सीखने का भी मौका है।
उन्होंने कहा, रिपोर्ट को पूरी तरह सार्वजनिक करना पारदर्शिता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। हम क्रिकेट प्रशंसकों के साथ यह साझा करना चाहते हैं कि इस प्रक्रिया से हमें क्या सीखने को मिलता है। यह समझना भी बहुत जरूरी है कि इस मंच का उद्देश्य किसी को दंडित करना या किसी के खिलाफ प्रतिशोध की कार्रवाई करना नहीं है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

