home page

वोल्वार्ड्ट और वेलिंगटन के दम पर एडिलेड स्ट्राइकर्स ने जीत से किया डब्ल्यूबीबीएल का आगाज

 | 
वोल्वार्ड्ट और वेलिंगटन के दम पर एडिलेड स्ट्राइकर्स ने जीत से किया डब्ल्यूबीबीएल का आगाज


एडिलेड, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौरा वोल्वार्ड्ट की शानदार अर्धशतकीय पारी और अमांडा-जेड वेलिंगटन की प्रभावी गेंदबाजी की बदौलत एडिलेड स्ट्राइकर्स ने महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। स्ट्राइकर्स ने मेलबर्न स्टार्स को 21 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एडिलेड ने दो विकेट पर 185 रन बनाए। जवाब में मेलबर्न की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 164 रन ही बना सकी।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी एडिलेड की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत की और सात ओवर के भीतर 54 रन जोड़ दिए। माया बूशियर 21 गेंदों पर 30 रन बनाकर एनाबेल सदरलैंड का शिकार बनीं। इसके बाद वोल्वार्ड्ट ने पारी को संभालते हुए 50 गेंदों पर 70 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए। 18वें ओवर में किम गार्थ ने उन्हें आउट किया।

इसके बाद कप्तान ताहलिया मैक्ग्रा और मैडलीन पेन्ना ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरे। मैक्ग्रा ने 36 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए, जबकि पेन्ना ने केवल 13 गेंदों पर नाबाद 36 रन की विस्फोटक पारी खेली। पेन्ना ने चार चौके और तीन छक्के लगाए। दोनों ने अंतिम दो ओवरों में 42 रन जोड़कर एडिलेड को 185 रन तक पहुंचा दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेलबर्न स्टार्स को मेग लैनिंग और राइस मैकेना ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने आठ ओवर में पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। लैनिंग ने 24 गेंदों पर 32 और मैकेना ने 31 गेंदों पर 40 रन बनाए।

नौवें ओवर में लेग स्पिनर वेलिंगटन ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने चार गेंदों के भीतर लैनिंग को पगबाधा और तीसरे नंबर पर आई एमी जोन्स को दो रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद मेलबर्न की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।

नाओमी स्टालेनबर्ग ने 25 गेंदों पर 32 रन बनाकर मुकाबले में रोमांच बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन सोफी एक्लेस्टोन और एलेनोर लारोसा ने कसी हुई गेंदबाजी से मेलबर्न की मुश्किलें बढ़ा दीं। वेलिंगटन ने तीन विकेट लिए, जबकि एक्लेस्टोन और लारोसा को दो-दो विकेट मिले।

संक्षिप्त स्कोर: एडिलेड स्ट्राइकर्स 20 ओवर में 185/2 (लौरा वोल्वार्ड्ट 70, ताहलिया मैक्ग्रा 43 नाबाद, मैडलीन पेन्ना 36 नाबाद; किम गार्थ 1/27) ने मेलबर्न स्टार्स को 20 ओवर में 164/7 (राइस मैकेना 40, मेग लैनिंग 32; अमांडा-जेड वेलिंगटन 3/28) को 21 रन से हराया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे