मेग लैनिंग ने विक्टोरिया अनुबंध छोड़ अपनाया फ्रीलांस क्रिकेटर का रास्ता
मेलबर्न, 26 मई (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग ने अगले सत्र के लिए विक्टोरिया का अनुबंध नहीं लेने का फैसला किया है और अब वह फ्रीलांस क्रिकेटर के रूप में खेलती नजर आएंगी।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी लैनिंग विक्टोरिया टीम का हिस्सा बनी हुई थीं, लेकिन पिछले सत्र में उन्होंने टीम के लिए केवल चार मुकाबले खेले थे। महिला बिग बैश लीग के बाद वह किसी भी मैच में नहीं उतरीं।
मेग लैनिंग इस समय दुनिया की विभिन्न फ्रेंचाइजी लीगों में खेल रही हैं। वह महिला प्रीमियर लीग में यूपी वॉरियर्स, द हंड्रेड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और इस सत्र में लंकाशायर के लिए टी-20 ब्लास्ट में हिस्सा ले चुकी हैं।
लैनिंग फिलहाल मेलबर्न स्टार्स के साथ भी अनुबंधित नहीं हैं। हालांकि पिछले महिला बिग बैश लीग सत्र में वह टीम की दूसरी सबसे सफल बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 53.22 की औसत और 136.07 के स्ट्राइक रेट से 479 रन बनाए थे।
क्रिकेट विक्टोरिया की महिला क्रिकेट प्रमुख किर्बी शॉर्ट ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में कहा,“हम मेग के फैसले का सम्मान करते हैं। महिला क्रिकेट तेजी से विकसित हो रहा है और खिलाड़ियों को अब दुनिया भर में खेलने के अवसर मिल रहे हैं। यह हमारे खेल के विकास का सकारात्मक संकेत है।”
खराब सत्र पर विक्टोरिया ने जताई निराशा
किर्बी शॉर्ट ने स्वीकार किया कि 2025-26 सत्र विक्टोरिया के लिए बेहद निराशाजनक रहा, जहां टीम अपने सभी 12 मुकाबले हार गई थी।
उन्होंने कहा,“हम पिछले सत्र के परिणामों पर गर्व नहीं कर सकते और हमें पता है कि हमें बेहतर प्रदर्शन करना होगा। हालांकि समीक्षा के बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच सकारात्मक माहौल बनाने को लेकर स्पष्ट समझ बनी है।”
उन्होंने आगे कहा कि टीम धीरे-धीरे सुधार की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है और रातोंरात बदलाव की उम्मीद नहीं कर रही।
विक्टोरिया महिला टीम 2026-27 टीम
इरा एरी, सोफी डे, समारा डल्विन, निकोल फाल्टम, टेस फ्लिंटॉफ, किम गर्थ, हसरत गिल, ओलिविया हेनरी, मिली इलिंगवर्थ, रीस मैककेना, सोफी मोलिनेक्स, इंडिगो नोबल, मिया पेरिन, जॉर्जिया प्रेस्टविज, जो सैमुअल, मौली स्ट्रानो, एनाबेल सदरलैंड, टायला व्लेमिन्क, जॉर्जिया वेयरहैम और ब्रोंटे लीशम।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

