home page

एशियन खेल : भारतीय महिला टीम ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश

 | 
एशियन खेल : भारतीय महिला टीम ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश


सेमीफाइनल में रविवार को बांग्लादेश से होगा सामना

निशिन (जापान), 18 सितंबर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन खेलों में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए शुक्रवार को जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां भारतीय टीम का समाना बांग्लादेश से होगा। रविवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का मुक़ाबला श्रीलंका से होगा, और उसके बाद दोपहर में भारत का मुक़ाबला बांग्लादेश से होगा।

जापान के खिलाफ मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जापान की टीम 19.5 ओवरों में केवल 57 रनों पर सिमट गई। जापान की तरफ से अयाका काटो-स्टैफ़ोर्ड ने 47 गेंदों पर सर्वाधिक 25 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने 2 चौके लगाए। स्टैफ़ोर्ड के अलावा हारुना इवासाकी ने 22 गेंदों पर 1 चौके की बदौलत 10 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी जापानी बल्लेबाज दहाई के स्कोर तक नहीं पहुंचा। जापान ने अपनी पूरी पारी में केवल तीन चौके लगाए।

भारत की तरफ से श्री चरणी ने 4, शेफाली वर्मा ने 2, दीप्ति शर्मा और श्रेयांका पाटिल ने 1-1 विकेट लियाए जबकि दो बल्लेबाज रन आउट हुईं।

58 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई और पहले ही ओवर में 4 चौके जड़ दिये। हालांकि दूसरे ओवर में नानोहा यासुमोटो ने जी.कमालिनी (00) को पवेलियन भेज भारत को पहला झटका दिया। उन्होंने दूसरे ओवर में कोई रन नहीं दिया और कमालिनी का विकेट लिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं भारती फूलमाली भी कुछ खास नहीं कर सकीं और अयाका काटो-स्टैफ़ोर्ड का शिकार बनीं। भारती ने 6 रन बनाए।

हालांकि दूसरी तरफ से शेफाली ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारतीय टीम को 8 विकेट से आसान जीत दिलाई। शेफाली ने 15 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए, ऋचा घोष ने उनका अच्छा साथ दिया। ऋचा 6 गेंदों पर 2 चौकों की बदौलत 12 रन बनाकर नाबाद लौटीं।

जापान की ओर से अयाका काटो-स्टैफ़ोर्ड और नानोहा यासुमोटो ने 1-1 विकेट लिया। भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में रविवार को बांग्लादेश से भिड़ेगी, जबकि इसी दिन पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे