home page

टेपे सिगेमन एंड कंपनी शतरंज टूर्नामेंट में अर्जुन एरिगैसी ने निल्स ग्रैंडेलियस को हराया, तीसरे दौर के बाद संयुक्त बढ़त पर

 | 
टेपे सिगेमन एंड कंपनी शतरंज टूर्नामेंट में अर्जुन एरिगैसी ने निल्स ग्रैंडेलियस को हराया, तीसरे दौर के बाद संयुक्त बढ़त पर


माल्मो (स्वीडन), 04 मई (हि.स.)। टेपे सिगेमन एंड कंपनी शतरंज टूर्नामेंट में भारत के ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने तीसरे दौर में स्वीडन के निल्स ग्रैंडेलियस को हराकर शानदार जीत दर्ज की और संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

पहले दो दौर भी हार चुके ग्रैंडेलियस ने काले मोहरों से सिसिलियन ड्रैगन ओपनिंग अपनाई। अर्जुन ने उसी रणनीति का इस्तेमाल किया, जिसने हाल ही में महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में आर. वैशाली को जीत दिलाई थी।

अर्जुन ने कहा, “मुझे वैशाली की वह जीत याद थी, जहां उन्होंने अपने राजा को सुरक्षित रखते हुए ऊंट को बी-3 खाने पर रखा था। मैंने भी वही रणनीति अपनाई और वहीं से खेल को आगे बढ़ाया।”

संयुक्त बढ़त पर पांच खिलाड़ी

तीन दौर के बाद अर्जुन एरिगैसी के साथ मैग्नस कार्लसन, नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, यागिज एरडोगमुस और एंडी वुडवर्ड भी दो-दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

यागिज एरडोगमुस ने टूर्नामेंट की एकमात्र महिला खिलाड़ी झू जिनेर को हराया।

कार्लसन का मुकाबला ड्रॉ

मैग्नस कार्लसन अपने मुकाबले के लिए सात मिनट देरी से पहुंचे, लेकिन उन्होंने अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ मैच ड्रॉ करा लिया। वहीं जॉर्डेन वान फोरेस्ट और एंडी वुडवर्ड के बीच मुकाबला भी ड्रॉ रहा।

अगले दौर में मुकाबले

चौथे दौर में अर्जुन एरिगैसी का सामना नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से होगा, जबकि यागिज एरडोगमुस ग्रैंडेलियस से भिड़ेंगे। कार्लसन का मुकाबला वान फोरेस्ट से होगा और वुडवर्ड झू जिनेर के खिलाफ खेलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे