home page

सिनक्वेफील्ड कप : प्रज्ञानानंद ने सेवियन से ड्रॉ खेला, कारुआना जीत के साथ शीर्ष पर

 | 
सिनक्वेफील्ड कप : प्रज्ञानानंद ने सेवियन से ड्रॉ खेला, कारुआना जीत के साथ शीर्ष पर


सेंट लुइस, 11 अगस्त (हि.स.)। भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने अपने जन्मदिन (10 अगस्त) के दिन सिनक्वेफील्ड कप-2026 में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर सैम सेवियन के खिलाफ ड्रॉ खेलकर अपने अभियान की शुरुआत की।

काले मोहरों से खेल रहे 21 वर्षीय प्रज्ञानानंद ने मुकाबले में धैर्य बनाए रखा, लेकिन 48 चालों के बाद दोनों खिलाड़ियों को आधे-आधे अंक से संतोष करना पड़ा।

मुकाबले में वजीरों की अदला-बदली के बाद स्थिति संतुलित हो गई और अंततः दोनों खिलाड़ियों ने बाजी ड्रॉ पर समाप्त करने का फैसला किया।

उद्घाटन दौर में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारुआना एकमात्र खिलाड़ी रहे, जिन्होंने जीत दर्ज की। उन्होंने जॉर्डन वान फोरेस्ट को हराकर पूरे अंक हासिल किए और प्रतियोगिता में बढ़त बना ली।

अन्य मुकाबलों में जावोखिर सिंदारोव और लेवोन अरोनियन, विंसेंट कीमर और वेस्ली सो, तथा अनिश गिरी और मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के बीच मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए।

ग्रैंड चेस टूर में कारुआना आगे

पहले दौर के बाद ग्रैंड चेस टूर की अंक तालिका में कारुआना 25 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। प्रज्ञानानंद 24.5 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अमेरिका के वेस्ली सो 23.5 अंक के साथ तीसरे, जबकि जर्मनी के विंसेंट कीमर 21 अंक के साथ चौथे स्थान पर हैं। फिलहाल ये खिलाड़ी जीसीटी फाइनल्स में जगह बनाने की स्थिति में हैं।

कैर्न्स कप में दिव्या ने वैशाली को हराया

कैर्न्स कप में भारत की दिव्या देशमुख ने हमवतन वैशाली रमेशबाबू को शिकस्त दी। वहीं, कोनेरू हम्पी ने इंटरनेशनल मास्टर स्तावरौला त्सोलाकिदू के खिलाफ बाजी ड्रॉ खेली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे