सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज: प्रज्ञानानंद रैपिड चरण में शीर्ष पर, अब ब्लिट्ज मुकाबलों पर नजर
सेंट लुईस, 05 अगस्त (हि.स.)।
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज शतरंज टूर्नामेंट के रैपिड चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। नौ राउंड के बाद उन्होंने संभावित 18 में से 12 अंक जुटाए और इसी के साथ इस वर्ष के अंत में होने वाले ग्रैंड चेस टूर (जीसीटी) फाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया।
विश्व चैंपियनशिप 2026 की दौड़ से बाहर हो चुके प्रज्ञानानंद ने रैपिड चरण में सटीक रणनीति, बेहतरीन तकनीक और जीत के जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, उन्हें अंतिम (नौवें) राउंड में नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वान फोरेस्ट के हाथों हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद वह एक अंक की बढ़त के साथ शीर्ष पर बने रहे।
उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव 11 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। सिंदारोव इसी वर्ष विश्व शतरंज चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले में भारत के डी. गुकेश को चुनौती देंगे। अमेरिका के वेस्ली सो भी 11 अंकों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों की दौड़ में बने हुए हैं।
हालांकि, टूर्नामेंट का फैसला केवल रैपिड चरण से नहीं होगा। अब खिलाड़ियों को 18 ब्लिट्ज मुकाबले खेलने हैं, जहां प्रत्येक जीत पर एक अंक मिलेगा। कुल 2 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट के विजेता को 50 हजार अमेरिकी डॉलर मिलेंगे।
यदि प्रज्ञानानंद अंतिम राउंड जीत जाते तो ब्लिट्ज चरण में उनकी बढ़त और मजबूत होती। रैपिड चरण में उन्होंने चार जीत, चार ड्रॉ और एक हार के साथ 12 अंक हासिल किए।
रैपिड चरण के बाद अंक तालिका में लेवोन अरोनियन, लेनियर डोमिंगेज पेरेज, अनिश गिरी और विन्सेंट कीमर नौ-नौ अंकों के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं। इनमें विशेष रूप से कीमर ब्लिट्ज शतरंज के मजबूत खिलाड़ी माने जाते हैं और खिताबी दौड़ को रोचक बना सकते हैं।
इस 10 खिलाड़ियों की राउंड-रॉबिन प्रतियोगिता के बाद प्रतिष्ठित सिंकफील्ड कप का आयोजन होगा, जो क्लासिकल प्रारूप में खेला जाएगा।
रैपिड चरण के बाद शीर्ष खिलाड़ी:
1. आर. प्रज्ञानानंद (भारत) – 12 अंक
2. जावोखिर सिंदारोव (उज्बेकिस्तान) – 11 अंक
3. वेस्ली सो (अमेरिका) – 11 अंक
4. लेवोन अरोनियन (अमेरिका), लेनियर डोमिंगेज पेरेज (अमेरिका), अनिश गिरी (नीदरलैंड) और विन्सेंट कीमर (जर्मनी) – 9-9 अंक।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

