home page

फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026, राउंड 9: वैशाली ने दिव्या को हराकर संयुक्त बढ़त बनाई

 | 
फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026, राउंड 9: वैशाली ने दिव्या को हराकर संयुक्त बढ़त बनाई


सिंदारोव और प्रज्ञानानंद ड्रॉ पर रुके

नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। आर. वैशाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हमवतन दिव्या देशमुख को हराकर फिडे कैंडिडेट्स 2026 के राउंड 9 के बाद शीर्ष स्थान पर संयुक्त बढ़त बना ली है। अब वह झू जिनर के साथ बराबरी पर हैं, जिन्होंने कातेरिना लाग्नो को मात दी।

वैशाली ने दिव्या की सेंटर में की गई एक गलती का पूरा फायदा उठाया। दिव्या के Nd3 जैसे ओवरकमिटमेंट वाले मूव ने उनके पोजिशन को कमजोर कर दिया, जिससे सेंटर पर पकड़ ढीली पड़ गई और प्यादों में कमजोरी आ गई। इसके बाद Rxc6 और Bc7 जैसे मूव्स के जरिए वैशाली ने अपने क्वीन और रूक को सक्रिय किया और खुले फाइल्स व डायगोनल्स पर नियंत्रण बना लिया।

28.Rb1 से लेकर Rb7 तक वैशाली ने सातवीं रैंक पर घुसपैठ कर दी, कमजोर प्यादों को निशाना बनाया और समय के दबाव में आई दिव्या को आखिरकार हार मानने पर मजबूर कर दिया।

दूसरी ओर, आर. प्रज्ञानानंद ने वेई यी के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया। 32.Nd6 एक शानदार चाल रही, जिससे ब्लैक की संरचना पर दबाव बना। इसके बाद 35.Rxe4 के जरिए उन्होंने डबल अटैक किया और कई कमजोरियों को निशाना बनाया।

हालांकि, निर्णायक बढ़त के लिए कोई ठोस प्यादा ब्रेक नहीं मिल सका और वेई यी ने मजबूत डिफेंस करते हुए मुकाबले को ड्रॉ पर समाप्त कराया।

इधर, टेबल टॉपर जावोखिर सिंदारोव को लगातार दूसरी बार ड्रॉ से संतोष करना पड़ा, जब उन्होंने माथियास ब्लूबाउम के खिलाफ जीत की स्थिति गंवा दी।

अन्य मुकाबलों में अनिश गिरि ने फैबियानो कारुआना को हराया, जबकि आंद्रेई एसिपेंको और हिकारू नाकामुरा के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।

महिला वर्ग में अन्ना म्यूजिचुक और तान झोंगयी के बीच बाजी बराबरी पर छूटी, जबकि अलेक्ज़ांद्रा गोरयाच्किना और बिबिसारा अस्साउबायेवा ने भी अंक साझा किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे