home page

विश्व बॉक्सिंग कप : विश्व नंबर-1 मीनाक्षी और अनुभवी दीपक के नेतृत्व में उतरेगी भारतीय टीम

 | 
विश्व बॉक्सिंग कप : विश्व नंबर-1 मीनाक्षी और अनुभवी दीपक के नेतृत्व में उतरेगी भारतीय टीम


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। विश्व नंबर-1 मुक्केबाज़ मीनाक्षी और अनुभवी बॉक्सर दीपक आगामी विश्व बॉक्सिंग कप 2026 (स्टेज-2) में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। यह प्रतियोगिता 15 से 21 जून तक चीन के गुइयांग शहर में आयोजित होगी।

भारत इस प्रतियोगिता में पिछले विश्व कप चरणों में शानदार प्रदर्शन और कई पदक जीतने के बाद उतर रहा है। फाइनल चरण में भी भारतीय खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी।

भारतीय मुक्केबाज़ी महासंघ (बीएफआई) ने पुरुष और महिला वर्ग के लिए अनुभव और युवा प्रतिभाओं का संतुलित दल घोषित किया है।

वर्तमान में भारत शीर्ष-10 खिलाड़ियों की संख्या के आधार पर विश्व में तीसरे स्थान पर है। महिला वर्ग में भारत दूसरे और पुरुष वर्ग में चौथे स्थान पर है। विशेष रूप से महिला वर्ग में शीर्ष-3 खिलाड़ियों की संख्या के आधार पर भारत विश्व में पहले स्थान पर बना हुआ है।

यह टूर्नामेंट भारतीय मुक्केबाज़ों के लिए महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक हासिल करने और मौजूदा प्रतिस्पर्धी सत्र में अपनी लय बनाए रखने का बड़ा अवसर होगा।

टीम चयन पर बीएफआई अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि विश्व बॉक्सिंग कप खिलाड़ियों के लिए शीर्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के खिलाफ अपनी क्षमता को परखने का महत्वपूर्ण मंच है। भारतीय मुक्केबाज़ी में बनाई गई प्रणाली और संरचना अब लगातार बेहतर परिणाम दे रही है और विभिन्न भार वर्गों में मजबूत प्रदर्शन देखने को मिल रहा है।

महिला वर्ग में विश्व नंबर-1 मीनाक्षी (51 किग्रा) टीम का नेतृत्व करेंगी। उनके साथ पूनम (54 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), माही लामा (60 किग्रा), सनेह (65 किग्रा), गीतिमोनी जी (70 किग्रा), सनमाचा सी (75 किग्रा), नैना (80 किग्रा) और अल्फिया तरन्नुम अकरम खान पठान (+80 किग्रा) शामिल हैं।

पुरुष वर्ग में दीपक (70 किग्रा) अनुभव और नेतृत्व प्रदान करेंगे। उनके साथ ऋषि एस (50 किग्रा), निखिल (55 किग्रा), अनमोल (60 किग्रा), अभिनाश जमवाल (65 किग्रा), मालसावम्तलुआंगा (80 किग्रा), जुगनू (85 किग्रा), हर्ष चौधरी (90 किग्रा) और सुपर हेवीवेट वर्ग में सावन जी (+90 किग्रा) टीम का हिस्सा होंगे।

भारतीय टीम राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में तकनीकी कौशल, फिटनेस और रणनीतिक तैयारी पर विशेष ध्यान दे रही है। हाल के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों और विश्व चैंपियनशिप में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद भारतीय मुक्केबाज़ी विश्व मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रही है।

भारतीय टीम (विश्व बॉक्सिंग कप 2026, स्टेज-2):

महिला टीम: मीनाक्षी (51 किग्रा), पूनम (54 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), माही लामा (60 किग्रा), सनेह (65 किग्रा), गीतिमोनी जी (70 किग्रा), सनमाचा सी (75 किग्रा), नैना (80 किग्रा), अल्फिया तरन्नुम अकरम खान पठान (+80 किग्रा)

पुरुष टीम: ऋषि एस (50 किग्रा), निखिल (55 किग्रा), अनमोल (60 किग्रा), अभिनाश जमवाल (65 किग्रा), दीपक (70 किग्रा), मालसावम्तलुआंगा (80 किग्रा), जुगनू (85 किग्रा), हर्ष चौधरी (90 किग्रा), सावन जी (+90 किग्रा)

---------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे