एशियाई खेल 2026: जादुमणि सिंह 55 किग्रा वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर
आइची-नगोया, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय मुक्केबाज जादुमणि सिंह का एशियाई खेल 2026 में अभियान शनिवार को समाप्त हो गया। पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्हें फिलीपींस के कार्लो पालाम के हाथों 3-0 के स्प्लिट डिसीजन से हार का सामना करना पड़ा।
पालाम ने मुकाबले की शुरुआत तेज गति और आक्रामक अंदाज में की। पहले राउंड में उन्होंने अपनी तेजी का फायदा उठाते हुए जादुमणि को परेशान किया। भारतीय मुक्केबाज ने कुछ अच्छे जैब लगाए और दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन पालाम ने प्रभावी काउंटर अटैक के जरिए बढ़त बनाए रखी। सभी जजों ने पहला राउंड फिलीपींस के मुक्केबाज के पक्ष में 10-9 दिया।
दूसरे राउंड में दोनों मुक्केबाजों ने संयम के साथ मुकाबला किया और मौके तलाशते रहे। पालाम ने अपनी बढ़त बरकरार रखी, जिससे जादुमणि पर अंतिम राउंड में वापसी का दबाव बढ़ गया।
तीसरे राउंड के शुरुआती क्षणों में दोनों मुक्केबाजों ने रक्षात्मक खेल अपनाया, लेकिन इसके बाद मुकाबला आक्रामक हो गया। दोनों ने एक-दूसरे पर कई मुक्के लगाए और जोरदार संघर्ष किया। हालांकि शुरुआती दो राउंड में पालाम द्वारा बनाई गई बढ़त निर्णायक साबित हुई।
अंततः पालाम ने 3-0 के स्प्लिट डिसीजन से मुकाबला अपने नाम कर लिया और अगले दौर में प्रवेश किया। इस हार के साथ जादुमणि सिंह का एशियाई खेलों में सफर समाप्त हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

