आईबीएसएफ विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप 2026: सौरव कोठारी, पंकज आडवाणी और टीम को साई से 6.46 लाख की सहायता
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने आयरलैंड में आयोजित आईबीएसएफ विश्व पुरुष बिलियर्ड्स चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम की भागीदारी के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की। इस सहयोग के तहत 2026 के विश्व चैंपियन सौरव कोठारी, कई बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी और कोच अशोक शांडिल्य को समर्थन दिया गया।
यह चैंपियनशिप 29 अप्रैल को समाप्त हुई, जिसमें भारतीय दल ने सरकार की ‘राष्ट्रीय खेल महासंघ सहायता योजना’ के तहत मिली मदद से हिस्सा लिया।
साई ने बिलियर्ड्स और स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएसएफआई) को टीम की भागीदारी के लिए लगभग 6.46 लाख रुपये की राशि मंजूर की। इस राशि में खिलाड़ियों और कोच के यात्रा खर्च, ठहरने, भोजन और प्रतियोगिता से जुड़े अन्य आवश्यक खर्च शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर समर्थन देना और उन्हें बड़े टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

