पीवी. सिंधु फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचीं, अश्मिता चालीहा का संघर्षपूर्ण सफर क्वार्टर फाइनल में थमा
पेरिस, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंच ओपन के महिला एकल सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सिंधु ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान को सीधे गेमों में 21-13, 21-14 से हराया। भारत की अश्मिता चालीहा को महिला एकल क्वार्टर फाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ 21-10, 17-21, 21-16 से हार का सामना करना पड़ा।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने पहले गेम में चिउ को दबाव में रखते हुए 21-13 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में भी सिंधु ने अपना दबदबा बनाए रखा और मध्यांतर तक 11-2 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। चिउ ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिंधु ने उन्हें ज्यादा अवसर नहीं दिया और दूसरा गेम 21-14 से जीतकर अंतिम चार में प्रवेश कर लिया।
सेमीफाइनल में सिंधु का सामना इंडोनेशिया की पांचवीं वरीयता प्राप्त पुत्री वारदानी और जापान की हिना अकेची के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा।
सिंधु ने इससे पहले जापान की रिको गुंजी को 44 मिनट तक चले मुकाबले में 21-12, 21-16 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले उन्हें थाईलैंड की सुपनिदा कातेथोंग के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था। सिंधु ने वह मुकाबला 21-14, 8-21, 23-21 से जीता था। निर्णायक गेम में जीत से केवल दो अंक दूर रहने के बावजूद वह लगातार 11 अंक गंवा बैठी थीं, लेकिन अंत में उन्होंने संयम बनाए रखते हुए जीत हासिल की।
अश्मिता ने विश्व चैंपियन ओकुहारा को दी कड़ी चुनौती
दूसरी ओर, भारत की अश्मिता चालीहा ने जापान की अनुभवी खिलाड़ी नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ शानदार संघर्ष किया, लेकिन निर्णायक गेम में पिछड़ने के कारण उन्हें हार झेलनी पड़ी। ओकुहारा ने यह मुकाबला 21-10, 17-21, 21-16 से अपने नाम किया।
ओकुहारा ने पहले गेम में 5-1 की बढ़त के साथ अच्छी शुरुआत की और मध्यांतर तक 11-6 से आगे रहीं। जापानी खिलाड़ी ने इसके बाद भी दबाव बनाए रखा और पहला गेम 21-10 से जीत लिया।
दूसरे गेम में अश्मिता ने दमदार वापसी की। दोनों खिलाड़ी शुरुआती दौर में 4-4 की बराबरी पर थीं, लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने तेजी से शॉट लगाते हुए और नेट पर शानदार खेल दिखाकर मध्यांतर तक 11-5 की बढ़त बना ली। ओकुहारा ने वापसी करते हुए स्कोर 15-15 कर दिया, लेकिन अश्मिता ने महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतर खेल दिखाया और 21-17 से गेम जीतकर मुकाबला निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।
निर्णायक गेम में अश्मिता ने 4-2 की बढ़त के साथ शुरुआत की। हालांकि, ओकुहारा ने वापसी करते हुए 7-4 की बढ़त बना ली। अश्मिता ने हार नहीं मानी और स्कोर 9-9 तथा फिर 12-12 और 14-14 तक बराबर किया। मुकाबले के अंतिम चरण में भारतीय खिलाड़ी की गलतियां बढ़ गईं, जिसका फायदा उठाकर ओकुहारा 20-16 तक पहुंच गईं। उन्होंने पहला ही मैच अंक भुनाकर मुकाबला जीत लिया।
अश्मिता ने इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में तीन बार की विश्व चैंपियन को 21-19, 21-18 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। विश्व रैंकिंग में 36वें स्थान पर काबिज 27 वर्षीय असम की खिलाड़ी ने इस जीत के साथ सुपर 750 स्तर के टूर्नामेंट में पहली बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने की उपलब्धि हासिल की। हालांकि, सेमीफाइनल में जगह बनाने का उनका सपना पूरा नहीं हो सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

