home page

जापान मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे लक्ष्य सेन, अल्वी फरहान को हराया

 | 
जापान मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे लक्ष्य सेन, अल्वी फरहान को हराया


कुमामोटो, 14 नवंबर (हि.स.)। भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जापान मास्टर्स 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में लक्ष्य ने इंडोनेशिया के अल्वी फरहान को तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 21-12, 15-21, 21-11 से हराया। लक्ष्य ने एक घंटे नौ मिनट तक चले मुकाबले में जीत हासिल की।

अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना जापान के कोकी वतानाबे या पूर्व विश्व नंबर एक थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसार्न में से किसी एक से होगा।

25 वर्षीय लक्ष्य के लिए यह जीत इस सत्र में उनकी शानदार वापसी का एक और प्रमाण है। पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय टूर पर संघर्ष कर रहे लक्ष्य ने जर्मनी में शानदार प्रदर्शन के साथ अपनी लय हासिल की थी। उन्होंने हायलो ओपन के फाइनल में इंडोनेशिया के मौजूदा चैंपियन जोनाथन क्रिस्टी को 21-17, 21-10 से हराकर इस सत्र का अपना पहला और करियर का सातवां खिताब जीता था।

पहले दौर से लगातार शानदार प्रदर्शन

जापान मास्टर्स में लक्ष्य ने अपने अभियान की शुरुआत चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-19, 21-18 से हराकर की थी। दूसरे दौर में उन्होंने चीन के डोंग तियान याओ को महज 35 मिनट में 21-8, 21-14 से शिकस्त दी।

इसके बाद क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य ने जापान के युशी तनाका को 21-16, 21-15 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी। अब अल्वी फरहान को मात देकर उन्होंने फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है।

लक्ष्य ने हालांकि कोरिया ओपन से अपना नाम वापस ले लिया था, लेकिन जापान में उनका शानदार प्रदर्शन सत्र के अंत में होने वाले बीडब्ल्यूएफ टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की उनकी संभावनाओं को मजबूत करेगा। अब उनकी नजरें जापान मास्टर्स का खिताब जीतकर इस अभियान का शानदार अंत करने पर होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे