home page

चाइना मास्टर्स : उन्नति हुड्डा का पहले दौर में सफर खत्म, किम गा-उन से मिली हार

 | 
चाइना मास्टर्स : उन्नति हुड्डा का पहले दौर में सफर खत्म, किम गा-उन से मिली हार


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। भारत की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा को चाइना मास्टर्स के पहले दौर में दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर-12 खिलाड़ी किम गा-उन से हार का सामना करना पड़ा। किम ने उन्नति को सीधे गेमों में 21-10, 21-18 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

किम ने मुकाबले की शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और पहले गेम के ब्रेक तक 11-3 की बढ़त हासिल कर ली। ब्रेक के बाद भी कोरियाई खिलाड़ी ने उन्नति को वापसी का मौका नहीं दिया और स्कोर 20-10 करने के बाद पहला गेम 21-10 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में उन्नति ने बेहतर शुरुआत की। उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए 3-0 की बढ़त बना ली। हालांकि किम ने जल्द ही वापसी करते हुए स्कोर 8-8 से बराबर कर दिया और इंटरवल तक 11-9 की बढ़त हासिल कर ली।

दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। उन्नति ने लगातार संघर्ष करते हुए स्कोर 13-13 से बराबर कर दिया और मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि निर्णायक क्षणों में किम ने अपना धैर्य बनाए रखा और बढ़त हासिल करते हुए दूसरा गेम 21-18 से जीत लिया।

इस जीत के साथ किम ने 21-10, 21-18 से मुकाबला अपने नाम कर उन्नति हुड्डा के चाइना मास्टर्स अभियान को पहले ही दौर में समाप्त कर दिया।

हरिहरन-अर्जुन ने मैच छोड़ा

इससे पहले दिन में भारत के विश्व नंबर-24 पुरुष युगल खिलाड़ी हरिहरन अम्साकरुणन और एम.आर. अर्जुन को भी अपने पहले दौर के मुकाबले में निराशा हाथ लगी। चीन की विश्व नंबर-10 जोड़ी चेन बो यांग और लियू यी के खिलाफ मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने पहले गेम के इंटरवल पर मैच से हटने का फैसला किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे