home page

चाइना मास्टर्स : मुकाबला पूरा किए बिना ही बाहर हुई हरिहरन-अर्जुन की भारतीय जोड़ी

 | 
चाइना मास्टर्स : मुकाबला पूरा किए बिना ही बाहर हुई हरिहरन-अर्जुन की भारतीय जोड़ी


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। भारत की विश्व नंबर-24 पुरुष युगल जोड़ी हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन को चाइना मास्टर्स के पहले दौर में मुकाबला पूरा किए बिना बाहर होना पड़ा। भारतीय जोड़ी मंगलवार को चीन की विश्व नंबर-10 जोड़ी चेन बो यांग और लियू यी के खिलाफ पहले गेम के इंटरवल पर रिटायर हो गई।

चेन और लियू ने मुकाबले की तेज शुरुआत करते हुए 5-1 की बढ़त बना ली और जल्द ही स्कोर 7-3 कर दिया। हालांकि, हरिहरन और अर्जुन ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। इसके बाद चीनी जोड़ी ने फिर बढ़त हासिल की और पहले गेम के ब्रेक तक 11-8 की बढ़त बना ली। इंटरवल के दौरान हरिहरन और अर्जुन ने मुकाबले से हटने का फैसला किया। इसके साथ ही चेन बो यांग और लियू यी को विजेता घोषित कर दिया गया और उन्होंने अगले दौर में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी के रिटायर होने की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी।

अगले दौर में चेन और लियू का सामना मलेशिया की आरोन चिया और सोह वूई यिक की जोड़ी से होगा। मलेशियाई जोड़ी ने जापान के हिरोकी ओकामुरा और क्योहेई यामाशिता को 18-21, 21-12, 21-15 से हराया।

हरिहरन और अर्जुन ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के अंतिम-32 दौर में हार के बाद चाइना मास्टर्स में हिस्सा लिया था। भारतीय जोड़ी को दक्षिण कोरिया के कांग मिन ह्युक और की डोंग जू के खिलाफ 21-17, 21-14 से हार मिली थी।

अब हरिहरन और अर्जुन का अगला पड़ाव जापान होगा, जहां वे इस महीने के अंत में शुरू होने वाले एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अर्जुन 2023 एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे