home page

एशियाई खेल 2026: आयुष शेट्टी ने सीधे गेम में जीत के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

 | 
एशियाई खेल 2026: आयुष शेट्टी ने सीधे गेम में जीत के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह


आइची-नगोया, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने एशियाई खेल 2026 में पुरुष एकल स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। आयुष ने शनिवार को दूसरे दौर के मुकाबले में कजाकिस्तान के मखसुत ताजिबुल्लायेव को सीधे गेम में 21-7, 21-7 से हराया।

आयुष ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और अपने तेज मूवमेंट तथा सटीक शॉट्स से कजाकिस्तान के खिलाड़ी पर लगातार दबाव बनाए रखा। भारतीय खिलाड़ी ने महज 18 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर अगले दौर में प्रवेश किया।

दोनों गेम में आयुष ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और ताजिबुल्लायेव को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। भारतीय खिलाड़ी ने दोनों गेम समान 21-7 के स्कोर से जीतकर मुकाबला समाप्त किया।

प्री-क्वार्टर फाइनल में आयुष की चुनौती अब काफी कठिन होने वाली है। उनका सामना चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन से होगा, जो मौजूदा बीएफडब्ल्यू वर्ल्ड टूर नंबर-1 हैं।

आयुष अब अपनी शानदार लय को बरकरार रखते हुए पुरुष एकल स्पर्धा में आगे बढ़ने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे