home page

एशियाई खेल: जापान से 1-3 से हारकर भारतीय महिला बैडमिंटन टीम क्वार्टर फाइनल से बाहर

 | 
एशियाई खेल: जापान से 1-3 से हारकर भारतीय महिला बैडमिंटन टीम क्वार्टर फाइनल से बाहर


आइची-नगोया, 22 सितंबर (हि.स.)। भारतीय महिला बैडमिंटन टीम को एशियाई खेल 2026 के क्वार्टर फाइनल में जापान के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा और इसके साथ ही उसका अभियान समाप्त हो गया। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में पीवी सिंधु और तनीशा शर्मा-तरुण के प्रदर्शन में कुछ अच्छे पल देखने को मिले, लेकिन भारत जापान की चुनौती पार नहीं कर सका।

क्वार्टर फाइनल के पहले मुकाबले में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का सामना अकाने यामागुची से हुआ। पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सिंधु ने 5-5 से बराबरी की, लेकिन ब्रेक तक यामागुची 11-9 से आगे थीं। सिंधु ने 12-12 से बराबरी करने के बाद 17-18 और फिर 18-18 की बराबरी हासिल की।

इसके बाद भी दोनों के बीच कड़ा संघर्ष जारी रहा और सिंधु ने पहला गेम 23-21 से जीत लिया।

दूसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर रही। ब्रेक तक यामागुची 11-9 से आगे थीं और उन्होंने बढ़त को 17-12 तक पहुंचाया। सिंधु ने वापसी करते हुए अंतर 16-18 किया, लेकिन यामागुची ने फिर बढ़त मजबूत की और दूसरा गेम 21-18 से जीत लिया।

निर्णायक गेम में यामागुची ने शुरुआत से दबदबा बनाया और ब्रेक तक 11-4 की बढ़त हासिल कर ली। सिंधु मुकाबले में वापसी नहीं कर सकीं और यामागुची ने निर्णायक गेम 21-11 से जीतकर जापान को 1-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरे मुकाबले में उन्नति हुड्डा का सामना तोमोका मियाजाकी से हुआ। पहले गेम में उन्नति ने 11-10 की मामूली बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद मियाजाकी ने वापसी करते हुए पहला गेम 21-16 से जीत लिया। दूसरे गेम में उन्नति ने शानदार शुरुआत करते हुए ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बनाई, लेकिन मियाजाकी ने फिर वापसी की और स्कोर 15-13 कर दिया। इसके बाद जापानी खिलाड़ी ने दूसरा गेम 21-18 से जीतकर जापान की बढ़त 2-0 कर दी।

तीसरे मुकाबले में अनुभवी युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने युकी फुकुशिमा और मायू मात्सुमोतो का सामना किया। भारतीय जोड़ी ने ब्रेक तक 11-10 की बढ़त बनाई और पहला गेम 21-17 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी ट्रीसा और गायत्री ने 11-8 की बढ़त बनाई और शानदार खेल जारी रखते हुए दूसरा गेम 21-17 से जीत लिया।

इस जीत के साथ भारत ने मुकाबले में वापसी की और स्कोर 1-2 कर दिया।

इसके बाद भारत की उम्मीदें तनीशा शर्मा पर थीं, लेकिन उन्हें नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ओकुहारा ने पहला गेम 21-12 से जीता और दूसरे गेम में ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बना ली। जापानी खिलाड़ी ने दूसरा गेम 21-10 से जीतकर मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया और भारत को क्वार्टर फाइनल से बाहर कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे