home page

एशियाई खेल बैडमिंटन: लक्ष्य, आयुष और श्रीकांत ने दिलाई भारत को बांग्लादेश पर 3-0 की जीत

 | 
एशियाई खेल बैडमिंटन: लक्ष्य, आयुष और श्रीकांत ने दिलाई भारत को बांग्लादेश पर 3-0 की जीत


आइची-नगोया, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने एशियाई खेल-2026 में शानदार शुरुआत करते हुए बांग्लादेश को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। सोमवार को पुरुष टीम स्पर्धा में लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और किदांबी श्रीकांत ने अपने-अपने एकल मुकाबले जीतकर भारत को आसान जीत दिलाई।

लक्ष्य सेन ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले मुकाबले में अयमान इब्न जमान को 21-4, 21-12 से हराया। लक्ष्य ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

इसके बाद आयुष शेट्टी ने गौरब सिंघा को 21-4, 21-13 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। भारत को मुकाबला जीतने के लिए केवल एक और जीत की जरूरत थी और अनुभवी किदांबी श्रीकांत ने अल अमीन जुमर के खिलाफ 21-15, 21-9 से सीधे गेम में जीत दर्ज कर भारत को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

भारत की तीनों एकल मुकाबलों में जीत के बाद युगल मुकाबले कराने की जरूरत नहीं पड़ी। इस जीत के साथ भारतीय टीम पुरुष टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। अगले दौर में भारत का सामना जापान से होने की संभावना है।

एशियाई खेलों में सोमवार का दिन भारत के लिए निशानेबाजी, मिश्रित मार्शल आर्ट, हॉकी, बैडमिंटन, कबड्डी, मुक्केबाजी और टेबल टेनिस में सफलताओं से भरा रहा। निशानेबाजी में हिमांशु ढिल्लों ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत और रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक जीता। दोनों ने पार्थ माने के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में भी रजत पदक हासिल किया था।

क्वालिफिकेशन में रुद्रांक्ष तीसरे, हिमांशु सातवें और पार्थ 11वें स्थान पर रहे थे।

मिश्रित मार्शल आर्ट में सुचिका तारियाल ने महिला पारंपरिक 60 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता। उन्हें सेमीफाइनल में सिंगापुर की तेओ हुई हून के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल बी में इंडोनेशिया को 17-1 से हराया, जबकि पुरुष कबड्डी टीम ने ग्रुप ए में जापान को 49-23 से शिकस्त दी। मुक्केबाजी में सुमित ने पुरुष 70 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 32 में बुनजोंग सिंसिरी को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने ग्रुप एफ में पाकिस्तान को 3-0 से हराया।

तैराकी में श्रीहरि नटराज पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में आखिरी स्थान पर रहे। श्रीहरि चीन के शू जियायू (जिन्होंने गोल्ड जीता) और वांग ज़िचेंग (जिन्होंने सिल्वर जीता) का मुक़ाबला नहीं कर पाए। भारतीय खिलाड़ी 25.52 के समय के साथ 10वें और आखिरी स्थान पर रहे। मणि आकाश और गितेश शाह पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल के फाइनल में जगह नहीं बना सके, जबकि धनुष सुरेश पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक के फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।

सॉफ्ट टेनिस में आध्या तिवारी और जय मीना ने मिश्रित युगल में कंबोडिया की वीवा चाओ-चानरोसेका खुन को 5-0 से हराया और मंगोलिया की बुद न्यामदोरज-एंखखुसलेन गनबातर जोड़ी के खिलाफ भी जीत दर्ज की। हालांकि, भारतीय जोड़ी को दक्षिण कोरिया की किम योन-ह्वा-जैक्यू पार्क जोड़ी से हार मिली और बाद में फिलीपींस की क्रिस्टी सनौसा-शेरविन नुगुइट जोड़ी के खिलाफ राउंड ऑफ 16 में हार के साथ उसका सफर समाप्त हो गया।

वुशु में न्येमान वांगसू महिला चांगक्वान फाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। सेपकटकरा के टीम रेगु ग्रुप बी मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम को जापान के खिलाफ हार मिली।

स्कीट निशानेबाजी की महिला व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में पहले दिन के बाद राइजा ढिल्लों नौवें, परीनाज़ धालीवाल 14वें और माहेश्वरी चौहान 16वें स्थान पर रहीं। पुरुषों की स्कीट क्वालिफिकेशन में अनंतजीत सिंह नरूका 21वें, मेराज अहमद खान 26वें और भवतेग सिंह गिल 27वें स्थान पर रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे