home page

बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप: क्वार्टर फाइनल में हांगकांग से हारा भारत, टीम स्पर्धा से बाहर

 | 
बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप: क्वार्टर फाइनल में हांगकांग से हारा भारत, टीम स्पर्धा से बाहर


यात्सुशिरो (जापान), 29 जून (हि.स.)। बैडमिंटन एशिया जूनियर मिश्रित टीम चैंपियनशिप में भारत का सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। सोमवार को खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में हांगकांग ने भारत को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

भारत ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की। पहले सेट में देव रूपारेलिया और तन्वी पात्री के दमदार प्रदर्शन से भारतीय टीम ने शुरुआती दो मुकाबलों के बाद 22-12 की बढ़त बना ली। इसके बाद युगल खिलाड़ियों ने भी लय बरकरार रखी और भारत ने पहला सेट 55-44 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे सेट में हांगकांग ने शानदार वापसी की। कैन यी हेई ने देव रूपारेलिया को 11-8 से हराया, जबकि आईपी सम याउ ने बढ़त को 22-16 तक पहुंचा दिया। भारतीय युगल जोड़ी अंतर कम नहीं कर सकी और हांगकांग ने दूसरा सेट जीतकर मुकाबला निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया।

निर्णायक सेट में एक बार फिर रूपारेलिया ने चान को 11-9 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई, लेकिन आईपी ने स्कोर 22-21 कर दिया। इसके बाद ब्योर्न जैसन और डियांका वाल्डिया की मिश्रित युगल जोड़ी ने चेउंग साई शिंग और विंग ची चू के खिलाफ 11-11 से मुकाबला समाप्त कर भारत को 33-32 की मामूली बढ़त दिलाई।

हालांकि, इसके बाद तन्वी रेड्डी आंदलुरी और बरुणी पार्शवाल की जोड़ी चू और यी किउ यू से 5-11 से हार गई। इसके बाद भारतीय टीम वापसी नहीं कर सकी और हांगकांग ने निर्णायक सेट 55-43 से जीतकर भारत को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप का 26वां संस्करण दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। 26 से 30 जून तक मिश्रित टीम स्पर्धा खेली जा रही है, जबकि 1 से 5 जुलाई तक व्यक्तिगत मुकाबले होंगे।

इस बार टीम स्पर्धा रिले प्रारूप में खेली गई, जिसमें 110 अंक हासिल करने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाता है।

अब भारतीय खिलाड़ियों की नजर व्यक्तिगत स्पर्धा पर होगी, जहां तन्वी पात्री और अभिनव गर्ग समेत 19 सदस्यीय भारतीय टीम पदक जीतने के इरादे से चुनौती पेश करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे