home page

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में ध्रुव-तनिषा की जोड़ी ने बचाई भारत की चुनौती

 | 
बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में ध्रुव-तनिषा की जोड़ी ने बचाई भारत की चुनौती


निंगबो (चीन), 07 अप्रैल (हि.स.)। बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 में भारत की मिश्रित युगल स्पर्धा में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की उम्मीदों को कायम रखा, जबकि अन्य दो भारतीय जोड़ियां पहले ही दौर में बाहर हो गईं।

ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो ने थाईलैंड के फुवानत होरबानलुएकिट और बेन्यापा ऐमसार्ड की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 21-14, 11-21, 21-15 से हराया। 51 मिनट तक चले इस मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने शानदार संयम और आक्रामक खेल दिखाया।

एक अन्य मुकाबले में रोहन कपूर और गड्डे रूथविका शिवानी को मलेशिया की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी गोह सून हुआत और लाई शेवोन जेमी के खिलाफ 13-21, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा। 34 मिनट तक चले इस मैच में भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में अच्छी वापसी की कोशिश की, लेकिन अनुभवी मलेशियाई जोड़ी ने मुकाबला सीधे गेम में अपने नाम कर लिया।

इसके अलावा, अशित सूर्य और अमृता प्रमुथेश की जोड़ी भी पहले दौर की बाधा पार नहीं कर सकी। उन्हें मलेशिया के वोंग टियन सी और लिम च्यू सिएन के खिलाफ 16-21, 15-21 से हार झेलनी पड़ी। 31 मिनट के इस मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन निर्णायक मौकों पर दबाव बनाए रखने में असफल रही।

अब बुधवार से एकल मुकाबलों की शुरुआत होगी, जिसमें भारत की स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे