home page

दिल्ली हाफ मैराथन 2026 : मताता ने तोड़ा कोर्स रिकॉर्ड, भारतीय धावकों में शैलेश और अंकिता रहे अव्वल

 | 
दिल्ली हाफ मैराथन 2026 : मताता ने तोड़ा कोर्स रिकॉर्ड, भारतीय धावकों में शैलेश और अंकिता रहे अव्वल


नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)।

केन्या के चार्ल्स मताता ने रविवार को दिल्ली हाफ मैराथन में पुरुषों की एलीट दौड़ का कोर्स रिकॉर्ड तोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने महिलाओं की एलीट दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। भारतीय धावकों में पुरुष वर्ग में शैलेश कुशवाहा और महिला वर्ग में अंकिता ध्यानी ने शीर्ष स्थान हासिल किया।

मताता ने 58 मिनट 52 सेकेंड का समय लेकर दौड़ पूरी की। उन्होंने 2020 में इथियोपिया के अमेदेवोर्क वालेलेग्न के बनाए 58 मिनट 53 सेकंड के रिकॉर्ड को एक सेकेंड से पीछे छोड़ दिया। इस उपलब्धि के लिए मताता को विजेता की 27 हजार अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि के अलावा 12 हजार डॉलर का अतिरिक्त बोनस भी मिलेगा।

मताता के जुड़वां भाई एलेक्स मताता ने 2025 में 59 मिनट 50 सेकेंड के समय के साथ यह खिताब जीता था। इस बार पुरुषों की एलीट दौड़ में केन्या के धावकों का दबदबा रहा। सैमवेल न्यामाई मेलू ने 59 मिनट 24 सेकेंड के समय के साथ दूसरा और स्टेनली वाइथाका म्बुरू ने 59 मिनट 33 सेकेंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

महिलाओं की एलीट दौड़ में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने एक घंटा छह मिनट 35 सेकेंड में दौड़ पूरी कर खिताब जीता। केन्या की सेलाह बुसिनेई एक घंटा सात मिनट एक सेकेंड के समय के साथ दूसरे और सिंथिया चेलांगत चेपक्वोनी एक घंटा सात मिनट 32 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

शैलेश और अंकिता भारतीय धावकों में अव्वल

पुरुषों की भारतीय एलीट श्रेणी में शैलेश कुशवाहा ने एक घंटा पांच मिनट पांच सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। गौरव माथुर एक घंटा पांच मिनट 11 सेकेंड के समय के साथ दूसरे और हेमंत कुमार एक घंटा पांच मिनट 37 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की भारतीय एलीट श्रेणी में अंकिता ध्यानी ने एक घंटा 12 मिनट 46 सेकेंड में दौड़ पूरी कर शीर्ष स्थान हासिल किया। सोनिया एक घंटा 14 मिनट 56 सेकेंड के समय के साथ दूसरे और भागीरथी एक घंटा 15 मिनट 51 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

2.75 लाख डॉलर से अधिक की पुरस्कार राशि

दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में कुल दो लाख 75 हजार 732 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई थी। पुरुष और महिला एलीट दौड़ के विजेताओं को 27-27 हजार अमेरिकी डॉलर मिले। भारतीय एलीट पुरुष और महिला श्रेणियों में शीर्ष तीन धावकों को क्रमशः साढ़े तीन लाख, ढाई लाख और डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

विश्व एथलेटिक्स गोल्ड लेबल की इस दौड़ में राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस बार मार्ग में बदलाव किया गया था। हाफ मैराथन और ओपन 10 किलोमीटर दौड़ सहित सभी प्रमुख स्पर्धाओं की शुरुआत और समापन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे