एशियन पैरा खेल : सिमरन ने 100 मीटर में जीता स्वर्ण, भारत को पैरा एथलेटिक्स में तीन कांस्य पदक मिले
आइची-नागोया, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की सिमरन शर्मा ने आइची-नागोया एशियाई पैरा खेल-2026 में महिलाओं की 100 मीटर टी-12 दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपना दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा भारत के सुखचैन और करमज्योति ने भाला फेंक और चक्का फेंक में कांस्य पदक जीते, जबकि प्रणव देसाई ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया।
सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर टी-12 स्पर्धा में 12.02 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले उन्होंने मंगलवार को महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। हांगझोऊ एशियाई पैरा खेलों में सिमरन ने 100 और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीते थे। इस बार उन्होंने दोनों स्पर्धाओं में अपने पदकों का रंग बदलकर स्वर्ण में तब्दील कर दिया। वह पेरिस पैरालंपिक में कांस्य पदक जीत चुकी हैं और 2024 तथा 2025 की विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक भी हासिल कर चुकी हैं।
पुरुषों की भाला फेंक एफ-55 स्पर्धा में सुखचैन ने 29.94 मीटर का थ्रो कर कांस्य पदक जीता। वहीं, महिलाओं की चक्का फेंक एफ-55 स्पर्धा में करमज्योति ने 21.60 मीटर का थ्रो किया। उन्होंने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरुषों की 100 मीटर टी-64 दौड़ में प्रणव देसाई ने 11.96 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। जापान के केंगो ओशिमा ने 11.39 सेकंड के खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि थाईलैंड के डेनपूम कोटचारंग 11.78 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। प्रणव रजत पदक से 0.18 सेकंड पीछे रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

