home page

भारत बना बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियन, श्रीलंका दूसरे स्थान पर

 | 
भारत बना बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियन, श्रीलंका दूसरे स्थान पर


ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने किया प्रतियोगिता का समापन

भारत ने 22 स्वर्ण सहित जीते 47 पदक; श्रीलंका के खाते में 38 पदक

भुवनेश्वर, 27 नवंबर (हि.स.)।श्रीलंका के धावकों ने शुक्रवार को बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 में से छह स्वर्ण पदक जीते, लेकिन यह भारत को पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने से रोकने के लिए पर्याप्त नहीं रहा। कलिंगा स्टेडियम में आयोजित पहली बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत 22 स्वर्ण सहित कुल 47 पदकों के साथ चैंपियन बना, जबकि श्रीलंका 10 स्वर्ण सहित 38 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहा। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में कुल 32 स्वर्ण पदकों का फैसला हुआ। इसमें छह देशों के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

श्रीलंका ने शुक्रवार को 14 स्वर्ण पदकों में से छह अपने नाम किए। विशेष रूप से ट्रैक स्पर्धाओं में उसके खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। भारत ने भी अपने खाते में आठ स्वर्ण पदक जोड़कर कुल 22 स्वर्ण के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। बांग्लादेश दो रजत और आठ कांस्य सहित कुल 10 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रहा। नेपाल को एक कांस्य पदक मिला, जबकि भूटान और म्यांमार का खाता नहीं खुला।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रतियोगिता के समापन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा, इस तरह के आयोजन भाग लेने वाले देशों के बीच खेल संबंधों को मजबूत करते हैं, आपसी आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं और उभरते खिलाड़ियों को मूल्यवान अनुभव प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता में भारत का शानदार प्रदर्शन हमारे युवा खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और क्षमता को दर्शाता है।

समापन समारोह में मुख्यमंत्री माझी के अलावा ओडिशा के युवा मामले एवं खेल मंत्री सूर्यबंशी सूरज, भारत सरकार के खेल सचिव हरिरंजन राव, विदेश मंत्रालय की संयुक्त सचिव अंजू रंजन तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता एमडी वालसम्मा और सुधा सिंह भी मौजूद रहीं।

सूर्यबंशी सूरज ने कहा, कलिंगा स्टेडियम में बिम्सटेक प्रतियोगिता की मेजबानी करना अंतरराष्ट्रीय खेल केंद्र के रूप में ओडिशा की पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रतियोगिता ने ओडिशा के चार खिलाड़ियों सहित हमारे युवा एथलीटों को अपनी प्रतिभा दिखाने और दूसरे देशों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का मूल्यवान मंच भी प्रदान किया।

श्रीलंकाई धावकों का शानदार प्रदर्शन

शुक्रवार की प्रमुख स्पर्धाओं में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में श्रीलंका की के. रिसांसा हिरुपामा ने 24.08 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने भारत की भावना जी. को कड़ी टक्कर में पीछे छोड़ा, जिन्होंने 24.23 सेकंड के साथ रजत पदक हासिल किया। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिरुपामा का पहला 200 मीटर स्वर्ण पदक रहा।

पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में श्रीलंका के एम. थिमेश चान कोस्टा ने 21.23 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण जीतकर अपनी टीम को स्प्रिंट का दूसरा स्वर्ण दिलाया। उन्होंने भारत के युवराज ई. (21.49 सेकंड) और श्रीलंका के मालिथ वार्णकुलसूरिया (22.07 सेकंड) को पीछे छोड़ा। कोस्टा ने फिनिश लाइन पार करते समय उसैन बोल्ट की शैली में उंगली हिलाकर जीत का जश्न मनाया।

हिरुपामा ने कहा, मैं चाहती हूं कि भारत इस तरह की और प्रतियोगिताओं की मेजबानी करे। यहां स्वर्ण पदक जीतकर मैं बेहद उत्साहित हूं। इसका पूरा श्रेय मेरे कोच और माता-पिता को जाता है। छोटे कद की हिरुपामा ने दौड़ के दौरान शानदार तेजी दिखाई।

शुक्रवार को श्रीलंका ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाया। शुरुआती चार स्पर्धाओं में उसके खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीते। पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में मुथुनायकेगे डी. चतुरंगा ने 49.90 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारत के आर्यन प्रज्वल कश्यप 51.48 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि श्रीलंका के शाविंदु निमाश महा ने 51.91 सेकंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में श्रीलंका की अरालिया सथसार गीगानागे ने 59.38 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारत की प्रियंका मडिवा ओलेकर ने 59.83 सेकंड के साथ रजत और सोनम ने 1 मिनट 0.83 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में श्रीलंका की लक्षानी वाथे गेदारा ने 2 मिनट 10.17 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत की प्रतीक्षा यादव (2 मिनट 10.23 सेकंड) दूसरे और लक्ष्मीप्रिया किसान (2 मिनट 10.99 सेकंड) तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की लंबी कूद में श्रीलंका के एपी कृष्णदान ने 7.53 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। उनके हमवतन केएमकेसी करुणारत्ना 7.43 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भारत के शेरोन जेस्टस ने 7.27 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

भारत ने भी बढ़ाए स्वर्ण पदक

भारत ने शुक्रवार को महिलाओं की गोला फेंक स्पर्धा में अंशु के प्रदर्शन से स्वर्ण पदक का खाता खोला। अंशु ने 15.17 मीटर गोला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। भारत की रिया वर्मा ने 14.59 मीटर के साथ रजत पदक जीता, जबकि बांग्लादेश की सुल्ताना जाकिया ने 12.64 मीटर के प्रदर्शन से कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में भारत के श्याम मिलन बिंद ने 1 मिनट 50.66 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ भारत ने अपना 16वां स्वर्ण पदक हासिल किया। श्रीलंका के एसडी शेहान दिलरंगा (1 मिनट 51.07 सेकंड) दूसरे और जीएए पंसिलु गिरिदारा (1 मिनट 51.87 सेकंड) तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की लंबी कूद में भारत की शीबा डी. ने 6.21 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। बांग्लादेश की खातून मोस्त स्वप्ना ने 6.08 मीटर के साथ रजत और श्रीलंका की एचआरडीएस रानासगल्ला ने 6.00 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

रिले में भारत का दबदबा, भाला फेंक में शशांक को स्वर्ण

प्रतियोगिता का समापन रिले और भाला फेंक स्पर्धाओं के साथ हुआ। भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों की चार गुणा 100 मीटर तथा चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियनशिप का शानदार अंत किया। दोनों चार गुणा 400 मीटर रिले मुकाबलों में भारत ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए श्रीलंका को हराया।

महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले में भारत की रुजुला भोंसले, भावना जी., वी. सुधीक्षा और मृत्तिका टी. की टीम ने 45.60 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका की टीम 46.23 सेकंड के साथ दूसरे और बांग्लादेश की टीम 47.83 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रही।

पुरुषों की चार गुणा 100 मीटर रिले में भारत के चिरंथ पी., साविन थिंगलाया, अभय सिंह और ऋषिप्रसाद देसाई ने 39.87 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। श्रीलंका की टीम 40.00 सेकंड के साथ दूसरे और बांग्लादेश की टीम 42.04 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रही।

महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले में भारत की आयशा खानम, तहुरा खातून, प्रवालिका नरिमल्ला और तनु चौधरी ने 3 मिनट 39.97 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका ने 3 मिनट 41.16 सेकंड के साथ रजत और बांग्लादेश ने 3 मिनट 56.60 सेकंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले में भारत के अस्तिक प्रधान, सेतु मिश्रा, साहिल मलिक और अंकुल ने 3 मिनट 9.47 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका की टीम 3 मिनट 9.95 सेकंड के साथ दूसरे और बांग्लादेश की टीम 3 मिनट 17.37 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रही।

मृत्तिका टी. और तनु चौधरी प्रतियोगिता में दो-दो स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला खिलाड़ी रहीं। दोनों ने पहले अपनी व्यक्तिगत स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे और बाद में रिले में भी टीम को स्वर्ण दिलाया।

भारत की भाला फेंक में बढ़ती ताकत का प्रदर्शन करते हुए शशांक पाटिल ने पुरुषों की स्पर्धा में 71.89 मीटर के शानदार प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका के थेमिया बिम्सारा नाम्मुनी ने 69.06 मीटर के साथ रजत और बांग्लादेश के खान एमडी हसीब ने 64.75 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

तीसरे दिन की स्पर्धाओं के शीर्ष तीन परिणाम

पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में श्रीलंका के मुथुनायकेगे डी. चतुरंगा पहले, भारत के आर्यन प्रज्वल कश्यप दूसरे और श्रीलंका के शाविंदु निमाश महा तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की गोला फेंक में भारत की अंशु ने स्वर्ण, रिया वर्मा ने रजत और बांग्लादेश की सुल्ताना जाकिया ने कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में श्रीलंका की अरालिया सथसार गीगानागे ने पहला, भारत की प्रियंका मडिवा ओलेकर ने दूसरा और भारत की सोनम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

पुरुषों की लंबी कूद में श्रीलंका के एपी कृष्णदान और केएमकेसी करुणारत्ना ने क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीते। भारत के शेरोन जेस्टस को कांस्य पदक मिला।

महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में श्रीलंका की लक्षानी वाथे गेदारा पहले, भारत की प्रतीक्षा यादव दूसरे और लक्ष्मीप्रिया किसान तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में भारत के श्याम मिलन बिंद ने स्वर्ण, श्रीलंका के एसडी शेहान दिलरंगा ने रजत और जीएए पंसिलु गिरिदारा ने कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की भाला फेंक में भारत के शशांक पाटिल ने स्वर्ण, श्रीलंका के थेमिया बिम्सारा नाम्मुनी ने रजत और बांग्लादेश के खान एमडी हसीब ने कांस्य पदक हासिल किया।

महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में श्रीलंका की के. रिसांसा हिरुपामा ने स्वर्ण, भारत की भावना जी. ने रजत और बांग्लादेश की देवान सुमाया ने कांस्य पदक जीता। पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में श्रीलंका के एम. थिमेश चान कोस्टा पहले, भारत के युवराज ई. दूसरे और श्रीलंका के मालिथ वार्णकुलसूरिया तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की लंबी कूद में भारत की शीबा डी. ने स्वर्ण, बांग्लादेश की खातून मोस्त स्वप्ना ने रजत और श्रीलंका की एचआरडीएस रानासगल्ला ने कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले में भारत ने स्वर्ण, श्रीलंका ने रजत और बांग्लादेश ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुषों की चार गुणा 100 मीटर रिले में भी भारत पहले, श्रीलंका दूसरे और बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा। महिलाओं और पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले में भी यही क्रम रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे