home page

एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026: निखिल ने स्टीपलचेज में जीता स्वर्ण, आरती को कांस्य

 | 
एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026: निखिल ने स्टीपलचेज में जीता स्वर्ण, आरती को कांस्य


हांगकांग, 30 मई (हि.स.)। एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को भारत ने अपने पदकों की संख्या में इजाफा किया, जिसमें निखिल चंद्रशेखर ने पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

निखिल ने 9 मिनट 25.44 सेकंड का समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में आरती ने 24.12 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता।

दिन के बाद के सत्र में भारत की मिश्रित 4x400 मीटर रिले टीम, जिसमें पियूष राज, तहुरा खातून, मोहम्मद अशफाक और नीरू पाठक शामिल थे, उन्होंने 3 मिनट 20.24 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। हालांकि बाद में लेन उल्लंघन के कारण भारतीय टीम को अयोग्य घोषित कर दिया गया, जिससे उसका रजत पदक छिन गया।

गौरतलब है कि एक दिन पहले पूजा सिंह ने महिलाओं की हाई जंप स्पर्धा में 1.93 मीटर की छलांग लगाकर नया चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाया था और स्वर्ण पदक जीता था।

हांगकांग में 28 से 31 मई तक आयोजित इस चैंपियनशिप में भारत का 48 सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है, जिसमें 30 पुरुष और 18 महिला एथलीट शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे