home page

एशियन खेल : भारत ने सोमवार को जीते आठ पदक, पदक तालिक में 12वें स्थान पर

 | 
एशियन खेल : भारत ने सोमवार को जीते आठ पदक, पदक तालिक में 12वें स्थान पर


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। एशियन खेल-2026 में 28 सितंबर का दिन भारत के लिए पदकों के लिहाज से शानदार रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने सोमवार को कुल आठ पदक अपने नाम किए, जिसमें चार रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। दिन का सबसे अहम प्रदर्शन निशानेबाज ईशा सिंह, एथलीट गुलवीर सिंह, मुरली श्रीशंकर और भाला फेंक खिलाड़ी यशवीर सिंह का रहा, जिन्होंने रजत पदक जीते।

ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता। वह स्वर्ण पदक के लिए चीन की शियाओ जियारुइशुआन के खिलाफ शूट-ऑफ तक पहुंचीं, लेकिन निर्णायक मुकाबले में मामूली अंतर से पीछे रह गईं।

कुराश में पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता। पिंकी को सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की सुमिन मो के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

एथलेटिक्स में भारत को कई पदक मिले। गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 3:36.72 सेकंड के साथ रजत पदक जीता। वहीं मुरली श्रीशंकर ने पुरुषों की लंबी कूद में 8.07 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक अपने नाम किया।

विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में 54.75 सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ कांस्य पदक जीता। पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में 15:14.61 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत ने दो पदक जीते। यशवीर सिंह ने 85.72 मीटर की व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत और रोहित यादव ने 84.35 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। श्रीलंका के रुमेश पाथिरागे ने 88.55 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता।

इन पदकों के साथ भारत की कुल पदक संख्या 45 हो गई है। भारत के खाते में अब चार स्वर्ण, 20 रजत और 21 कांस्य पदक हैं और वह पदक तालिका में 12वें स्थान पर है।

चीन 130 स्वर्ण, 53 रजत और 45 कांस्य समेत कुल 228 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है। मेजबान जापान 41 स्वर्ण, 68 रजत और 62 कांस्य समेत 171 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दक्षिण कोरिया 21 स्वर्ण, 26 रजत और 43 कांस्य समेत 90 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। उज्बेकिस्तान 12 स्वर्ण, 17 रजत और 13 कांस्य समेत 42 पदकों के साथ चौथे, जबकि कजाकिस्तान 9 स्वर्ण, 13 रजत और 23 कांस्य समेत 45 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे