home page

स्वेन एप पर होगा विश्व आर्म रेसलिंग और पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप का सीधा प्रसारण

 | 
स्वेन एप पर होगा विश्व आर्म रेसलिंग और पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप का सीधा प्रसारण


नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी दिल्ली में 29 अक्टूबर से सात नवंबर तक होने वाली 47वीं विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप और 28वीं विश्व पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप का सीधा प्रसारण स्वेन ऐप पर किया जाएगा। यह प्रतियोगिताएं नई दिल्ली के लीला एम्बियंस कन्वेंशन होटल में होंगी। दोनों चैंपियनशिप के मुकाबले 29 अक्टूबर से सात नवंबर तक स्वेन ऐप पर सीधे देखे जा सकेंगे।

इस साझेदारी की घोषणा पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष और एशियाई आर्मरेसलिंग फेडरेशन की उपाध्यक्ष प्रीति झंगियानी तथा प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास ने की। इस साझेदारी के तहत भारत सहित दुनियाभर के दर्शक प्रतियोगिताओं के मुकाबले देख सकेंगे।

60 से अधिक देशों के 1700 से ज्यादा प्रतिभागियों के आने की उम्मीद

पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया विश्व आर्मरेसलिंग फेडरेशन के तत्वावधान में इन चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। प्रतियोगिताओं में 60 से अधिक देशों के 1700 से ज्यादा खिलाड़ियों, अधिकारियों और समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है। यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय आर्मरेसलिंगके सबसे बड़े आयोजनों में से एक होगा।

स्वेन प्रतियोगिताओं की शुरुआती क्वालीफाइंग स्पर्धाओं से लेकर फाइनल और पदक समारोह तक, सामान्य तथा पैरा वर्ग के मुकाबलों का सीधा प्रसारण करेगा। दर्शक स्वेन ऐप के माध्यम से पूरे आयोजन के दौरान मुकाबले देख सकेंगे।

स्वेन इससे पहले प्रो पंजा लीग के पूनावाला गोल्ड संस्करण, यूरोपीय आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप और दिल्ली में आयोजित प्रो पंजा लीग ट्रायल का प्रसारण कर चुका है। इसके अलावा मिजोरम में हुए प्रो पंजा मेगा मुकाबलों और रूस में आयोजित अरमातुरा 13 का अंतरराष्ट्रीय प्रसारण भी कर चुका है।

भारत ने पिछले एशियाई चैंपियनशिप में जीते थे 176 पदक

भारत में विश्व चैंपियनशिप का आयोजन ऐसे समय हो रहा है, जब देश में आर्मरेसलिंगका तेजी से विस्तार हो रहा है। इसी आयोजन स्थल पर 2025 में एशियाई आर्म रेसलिंग और पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप हुई थी। उस प्रतियोगिता में भारत ने 176 पदक जीते थे और पदक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया था।

प्रीति झंगियानी और परवीन डबास ने जताई खुशी

प्रीति झंगियानी ने कहा, “भारत में विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी हर उस खिलाड़ी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसने इस खेल में विश्वास रखा है। स्वेन के साथ साझेदारी से यह उपलब्धि केवल प्रतियोगिता स्थल तक सीमित नहीं रहेगी। भारत और दुनिया भर के प्रशंसक हर मुकाबले, हर वापसी और हर पदक को उसी समय देख सकेंगे। हमारे पैरा खिलाड़ियों को भी वह वैश्विक मंच मिलेगा, जिसके वे लंबे समय से हकदार हैं। किसी खेल को जुनून से पेशे में बदलने के लिए ऐसी दृश्यता जरूरी है।”

परवीन डबास ने कहा, “प्रो पंजा लीग के जरिए हमने देखा है कि जब दर्शकों को आर्मरेसलिंगदेखने का अवसर मिलता है, तो वे कितनी तेजी से इससे जुड़ते हैं। यह तेज, रोमांचक खेल है और कई बार मुकाबले का फैसला कुछ ही सेकंड में हो जाता है। स्वेन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को वह दर्शक वर्ग उपलब्ध कराएगा, जिसके वे हकदार हैं। साथ ही, भारतीय प्रशंसकों की नई पीढ़ी को भी मुकाबले देखने का शानदार अवसर मिलेगा। हमारी कोशिश है कि इन दो सप्ताह के दौरान इस खेल से जुड़ने वाले दर्शक आगे भी इससे जुड़े रहें।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे