home page

एशियाई पैरा खेल : थुलासिमथि-मानसी की जोड़ी ने महिला युगल एसएल3-एसयू5 वर्ग में जीता स्वर्ण

 | 
एशियाई पैरा खेल : थुलासिमथि-मानसी की जोड़ी ने महिला युगल एसएल3-एसयू5 वर्ग में जीता स्वर्ण


- विश्व चैंपियन चीन को सीधे गेम में हराया, पिछली बार के रजत पदक को स्वर्ण में बदला

आइची-नागोया, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की थुलासिमथि मुरुगेसन और मानसी गिरिशचंद्र जोशी की जोड़ी ने एशियाई पैरा खेल-2026 में बैडमिंटन की महिला युगल एसएल3-एसयू5 स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया है। विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता भारतीय जोड़ी ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में चीन की मौजूदा विश्व चैंपियन यांग क्यूशिया और शियाओ जूशियान को सीधे गेमों में 21-16, 21-13 से हराया। भारतीय जोड़ी ने 28 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर स्वर्ण पदक जीता।

थुलासिमथि और मानसी ने पूरे मुकाबले में शानदार तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया, जबकि दूसरे गेम में 21-13 से जीत हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।

इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने वर्ष 2025 की एशियाई चैंपियनशिप के फाइनल में चीन के हाथों मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। विश्व रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज थुलासिमथि और मानसी ने आठवीं रैंकिंग वाली चीनी जोड़ी को हराकर एशियाई पैरा खेलों का चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

इस स्वर्ण पदक के साथ भारतीय जोड़ी ने पिछले संस्करण के अपने रजत पदक को स्वर्ण में बदल दिया। थुलासिमथि और मानसी ने वर्ष 2022 के एशियाई पैरा खेलों में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता था। अब वर्ष 2026 में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। पैरा बैडमिंटन की एसएल3-एसयू5 युगल स्पर्धा में एसएल3 वर्ग के खड़े होकर खेलने वाले निचले अंगों की दिव्यांगता वाले और एसयू5 वर्ग के खड़े होकर खेलने वाले ऊपरी अंगों की दिव्यांगता वाले खिलाड़ी शामिल होते हैं।

हिमांशु नांदल ने तैराकी में जीता कांस्य, एशियाई पैरा खेलों में तीन पदकों के साथ अभियान समाप्त

वहीं, भारत के हिमांशु नांदल ने एशियाई पैरा खेल-2026 में शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस-11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया। उन्होंने फाइनल में एक मिनट 5.90 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। हिमांशु ने इस पदक के साथ एशियाई पैरा खेलों में अपना अभियान तीन कांस्य पदकों के साथ समाप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से भारतीय पैरा तैराकी दल के खाते में एक और पदक जुड़ गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे