home page

डब्ल्यूटीसी अंक तालिका: दक्षिण अफ्रीका की टॉप-2 में वापसी, न्यूजीलैंड टॉप पर

 | 
डब्ल्यूटीसी अंक तालिका: दक्षिण अफ्रीका की टॉप-2 में वापसी, न्यूजीलैंड टॉप पर


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 की अंक तालिका में रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज करने के बाद मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका ने एक बार फिर टॉप-2 में जगह बना ली है। वहीं, न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ते हुए अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है।

दक्षिण अफ्रीका की जीत से ऑस्ट्रेलिया को नुकसान हुआ है और टीम अब तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। भारत चौथे स्थान पर है, जबकि बांग्लादेश पांचवें नंबर पर मौजूद है। अभी डब्ल्यूटीसी चक्र में कई अहम टेस्ट सीरीज बाकी हैं। ऐसे में आने वाले मुकाबले अंक तालिका की तस्वीर बदल सकते हैं।

आइए देखते हैं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की सीरीज जीत के बाद डब्ल्यूटीसी की ताजा स्थिति क्या है-

न्यूजीलैंडखेले गए मैच: 6जीत: 4अंक प्रतिशत: 72.22 प्रतिशत

आईसीसी के अनुसार न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज की थी। इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर भी कीवी टीम ने दमदार खेल दिखाया। इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट हारने के बाद न्यूजीलैंड ने लगातार दो मुकाबले जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की। इस तरह टीम ने छह मैचों में चार जीत के साथ अपना अंक प्रतिशत 72.22 कर लिया है।

न्यूजीलैंड को आगे भारत और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलनी है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान का दौरा भी करना है। ये मुकाबले फाइनल की राह में काफी अहम होंगे।

2. दक्षिण अफ्रीकाखेले गए मैच: 7जीत: 5अंक प्रतिशत: 71.43 प्रतिशत

मौजूदा डब्ल्यूटीसी चैंपियन दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को घरेलू सीरीज में 2-1 से हराकर शानदार वापसी की है। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में प्रोटियाज टीम पहले मुकाबले में हार गई थी, लेकिन इसके बाद उसने लगातार दो मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। इससे पहले टीम ने भारत को उसकी धरती पर 2-0 से हराया था और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज ड्रॉ खेली थी। दक्षिण अफ्रीका को अब बांग्लादेश और इंग्लैंड की मेजबानी करनी है, जबकि आखिरी सीरीज के लिए श्रीलंका का दौरा करना होगा।

3. ऑस्ट्रेलियाखेले गए मैच: 13जीत: 9अंक प्रतिशत: 69.23 प्रतिशत

ऑस्ट्रेलिया ने डब्ल्यूटीसी 2025-27 अभियान की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की थी। टीम ने वेस्टइंडीज को उसके घर में हराया और घरेलू मैदान पर एशेज सीरीज भी अपने पास बरकरार रखी। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ मिली अप्रत्याशित हार ने टीम को झटका दिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने वापसी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को डरबन टेस्ट में 214 रन से हराया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली, लेकिन इसके बाद प्रोटियाज टीम ने लगातार दो मुकाबले जीतकर ऑस्ट्रेलिया का दबदबा खत्म कर दिया। इस हार के कारण ऑस्ट्रेलिया अंक तालिका में पहले स्थान से खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

अब ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ चार और भारत के खिलाफ पांच टेस्ट मैच खेलने हैं। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को इन मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

4. भारतखेले गए मैच: 11जीत: 5अंक प्रतिशत: 51.52 प्रतिशत

भारतीय टीम के लिए डब्ल्यूटीसी 2025-27 का सफर अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज ड्रॉ खेलने के बाद भारत को घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के हाथों 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार ने फाइनल में पहुंचने की भारत की राह मुश्किल कर दी है। हालांकि, टीम ने श्रीलंका दौरे पर 1-0 से सीरीज जीतकर वापसी की।

भारत को अब न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घर में दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू सीरीज होगी। फाइनल की उम्मीदें बनाए रखने के लिए भारत को इन मुकाबलों में ज्यादा से ज्यादा जीत दर्ज करनी होगी।

5. बांग्लादेशखेले गए मैच: 7जीत: 3अंक प्रतिशत: 47.62 डब्ल्यूटीसी

बांग्लादेश ने इस डब्ल्यूटीसी चक्र में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराकर सबको चौंका दिया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज 1-1 से ड्रा रही थी।

हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के पहले टेस्ट में हार से टीम को अंक तालिका में नुकसान हुआ। अब बांग्लादेश की नजर सीरीज बराबर करने पर होगी। आगे टीम को इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है।

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम छठे स्थान पर है। इंग्लैंड ने 16 मैचों में 7 जीत, 8 हार और 1 ड्रॉ के साथ 38.54 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इंग्लैंड से नीचे 7वें स्थान पर श्रीलंका की टीम है, जिसके 33.33 प्रतिशत अंक हैं।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह