home page

जय शाह ने फाइनल मुकाबले से पहले भारत-न्यूजीलैंड टीम को दी शुभकामनाएं

 | 
जय शाह ने फाइनल मुकाबले से पहले भारत-न्यूजीलैंड टीम को दी शुभकामनाएं


अहमदाबाद, 08 मार्च (हि.स.)। आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला आज (रविवार) शाम सात बजे से गुजरात के अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबले से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने दोनों टीमों को शुभकामनाएं दी हैं।

जय शाह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह एक रिकॉर्ड तोड़ने वाला टी-20 विश्व कप रहा है। इस विश्व कप में कई आकार्षण रहे, जिसमें हमारे एसोसिएट सदस्यों के कुछ शानदार प्रदर्शन भी शामिल हैं। अब भारत और न्यूजीलैंड को फाइनल के लिए गुड लक कहने का समय है, जो बहुत बड़ी भीड़ के सामने खेला जाएगा और जिसे करोड़ों लोग देखेंगे।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले को जीतकर दोनों टीमों के पास इतिहास रचने का मौका है। गत विजेता भारतीय टीम तीसरी बार इस खिताब को जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी। न्यूजीलैंड पहली बार टी20 विश्व कप जीतकर ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगा। दोनों टीमों के पास मैच विजेता खिलाड़ियों की कमी नहीं है।

भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के दम पर फाइनल में प्रवेश किया है, जहां उसने इंग्लैंड को सात रन से हराया था। इसी तरह न्यूजीलैंड ने भी सेमीफाइनल में अच्छी बल्लेबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह