home page

हॉकी: भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर जीत के साथ किया अभियान का आगाज

 | 
हॉकी: भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर जीत के साथ किया अभियान का आगाज


ऑकलैंड (न्यूजीलैंड), 19 नवंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2026 इंडिया/न्यूजीलैंड सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी इवेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। ऑकलैंड के लॉयड एल्स्मोर हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान न्यूजीलैंड को 3-2 से शिकस्त दी।

मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। न्यूजीलैंड ने 25वें मिनट में बढ़त हासिल की। जोंटी एल्म्स ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर मेजबान टीम को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि, भारत ने ज्यादा देर तक न्यूजीलैंड को बढ़त का जश्न नहीं मनाने दिया। 25वें मिनट में ही उत्तम सिंह ने शानदार फील्ड गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। इसका फायदा टीम को 38वें मिनट में मिला, जब शारदानंद तिवारी ने फील्ड गोल करके भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 43वें मिनट में कप्तान संजय ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। इस गोल के साथ भारत की बढ़त 3-1 हो गई और टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

दो गोल से पिछड़ने के बाद न्यूजीलैंड ने वापसी की कोशिश की और मैच के 55वें मिनट में सैम हिहा के गोल से स्कोर 3-2 कर दिया। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम क्षणों तक अपनी बढ़त बनाए रखी और 3-2 से जीत दर्ज करते हुए तीन मैचों की सीरीज की सकारात्मक शुरुआत की।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली जीत दर्ज करने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम अब सीरीज के दूसरे मुकाबले में शनिवार, 21 नवंबर को मैदान पर उतरेगी। इसके बाद रविवार, 22 नवंबर को सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच खेला जाएगा। दोनों देश अपने खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह