कूपर कॉनली के शतक से ऑस्ट्रेलिया ने जीता तीसरा वनडे, बांग्लादेश का 2-1 से सीरीज पर कब्जा
ढाका, 14 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने रविवार को तीसरे एवं आखिरी वनडे मैच में बांग्लादेश की टीम को एक विकेट से हरा दिया। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 274 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 49.3 ओवर में 9 विकेट खोकर 277 रन बनाते हुए जीत दर्ज की।
ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज कूपर कॉनली रहे। उन्होंने मैच में 134 गेंदों में 13 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 149 रन की पारी खेली, जिससे उन्होंने टीम को सीरीज में क्लीन स्वीप होने से बचा लिया। तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले दो मुकाबलों में बांग्लादेश की टीम ने जीत दर्ज की थी। इससे मेजबान टीम ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही थी। उसने पहले ओवर में ही सौम्य सरकार (2) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद 53 के स्कोर पर दूसरा झटका तंजीद हसन तमीम के रूप में लगा। वह 20 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। फिर नजमुल हुसैन शंटो भी 50 गेंदों पर 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
बांग्लादेश के ऊपरी क्रम के बल्लेबाजों के विकेट गिरने के बाद मध्य क्रम के बल्लेबाजों ने पारी को संभाला। लिटन दास, तौहीद ह्रदोय और मोसादेक हुसैन ने अर्धशतक लगाते हुए टीम के स्कोर को पांच विकेट पर 274 रन तक पहुंचाया। तौहीद ने जहां 83 रन की अहम पारी खेली, वहीं लिटन ने नाबाद 58 और मोसादेक ने नाबाद 56 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए मैट रेनशॉ और जेवियर बार्टलेट ने दो-दो विकेट लिए, जबकि बेन ड्वारशुइस ने एक विकेट निकाला।
बांग्लादेश से मिले 275 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाजों कूपर कॉनोली और कप्तान जोश इंग्लिस ने तेज शुरुआत दी, लेकिन साझेदारी टूटने के बाद पारी की गति धीमी पड़ गई। जोश इंग्लिस 12 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। मैट रेनशॉ खाता भी नहीं खोल पाए, जबकि एलेक्स कैरी 8 रन बनाकर पवेलियन को चलते बने।
इसके बाद कूपर कॉनली ने मार्नस लाबुशेन, कैमरून ग्रीन और ऑलिवर पीक के साथ मिलकर साझेदारी की और टीम को 250 रन के पार पहुंचाया। इस दौरान कॉनली ने अपना शतक भी पूरा किया। दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन कॉनली स्कोर को आगे बढ़ाते रहे। वह 49वें ओवर में आउट हुए। अंत में एडम जम्पा ने चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी।
बांग्लादेश की ओर से शोरिफुल इस्लाम ने सबसे अधिक 6 विकेट अपने नाम किए। महेदी हसन, तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने एक-एक विकेट हासिल किया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

