ग्रेनाडा में आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के लिए जुटे दुनिया भर के निशानेबाज, भारतीय टीम से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद
नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खेल महासंघ (आईएसएसएफ) के राइफल/पिस्टल वर्ल्ड कप के सत्र की शुरुआत स्पेन के ग्रेनाडा में होने जा रही है, जहां दुनिया भर के शीर्ष निशानेबाज अपनी चुनौती पेश करने के लिए पहुंच चुके हैं। यह प्रतियोगिता 07 अप्रैल से लास गाबियास शूटिंग रेंज पर शुरू होगी और 12 अप्रैल तक चलेगी।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 51 देशों के 434 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 10 ओलंपिक स्पर्धाएं शामिल हैं। भारत ने भी 24 सदस्यीय मजबूत टीम उतारी है, जो विभिन्न स्पर्धाओं में पदक के लिए दावेदारी पेश करेगी। प्रतियोगिता के पहले दिन दो मिश्रित टीम फाइनल खेले जाएंगे, जबकि समापन पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन और महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल के साथ होगा।
भारतीय टीम में कई अनुभवी और उभरते निशानेबाज शामिल हैं। एशियाई खेलों की चैंपियन पलक 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में मुकेश नेलावली के साथ उतरेंगी। वहीं सैंयम और उज्ज्वल मलिक भी इसी स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एयर राइफल मिश्रित टीम में सोनम उत्तम मस्कर-गजानन शाहदेव खंडागले और श्रुति-अर्शदीप सिंह की जोड़ियां मैदान में होंगी।
टीम में विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता अंजुम मौदगिल, मेहुली घोष और अखिल श्योरन जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि सिमरनप्रीत कौर बरार, रिदम सांगवान और विजयवीर सिद्धू जैसे निशानेबाज टीम को मजबूती देंगे। चयन नीति के तहत चौथे से छठे स्थान पर रहे खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद भारतीय टीम को मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में चीन, जर्मनी, इटली, फ्रांस और अमेरिका जैसे शूटिंग के दिग्गज देशों की भी बड़ी भागीदारी है। चीन ने 22 सदस्यीय दल भेजा है, जिसमें उसके तीन मौजूदा ओलंपिक चैंपियन शामिल हैं।
ग्रेनाडा वर्ल्ड कप कई खिलाड़ियों के लिए इस साल के अंतरराष्ट्रीय सत्र की शुरुआत है। इसके साथ यह टूर्नामेंट साल के अंत में दोहा में होने वाली विश्व चैंपियनशिप और 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक की तैयारियों के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।
भारतीय टीम के लिए यह प्रतियोगिता अपनी बेंच स्ट्रेंथ परखने और आगामी बड़े टूर्नामेंट्स के लिए संयोजन तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

