सचिवालय प्रीमियर लीग : जायंट्स और रॉयल रेंजर्स ने दर्ज की शानदार जीत
देहरादून, 29 नवंबर हि.स.)। सचिवालय प्रीमियर लीग 2026 में खेले गए रोमांचक मुकाबलों में सचिवालय जायंट्स और सचिवालय रॉयल रेंजर्स ने अपने-अपने मैच जीत लिए। पहले मुकाबले में जायंट्स ने सचिवालय स्मैशर्स को सात रन से शिकस्त दी, जबकि दूसरे हाईस्कोरिंग मैच में रॉयल रेंजर्स ने बुल्स को 32 रन से हराया।
पहले मैच में टॉस के बाद बल्लेबाजी करते हुए सचिवालय जायंट्स ने निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 178 रन बनाए। मनदीप ने 67 और सुनील ने 35 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। स्मैशर्स की ओर से विवेक और राजीव ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्मैशर्स की टीम मदन के 71 रन की शानदार पारी के बावजूद 171 रन ही बना सकी। जायंट्स की ओर से ओमीश और राकेश जोशी ने तीन-तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। राकेश जोशी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में सचिवालय रॉयल रेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 206 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। अजीत ने 72, टी.एच. खान ने 57 और दिवाकर ने 48 रन बनाए। जवाब में बुल्स की टीम 20 ओवर में 174 रन ही बना सकी। महेश धर्मशक्तू ने 67 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। रॉयल रेंजर्स ने यह मुकाबला 32 रन से अपने नाम किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए अजीत को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

