home page

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले साई सुदर्शन चोटिल, सरफराज खान की टीम में वापसी

 | 
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले साई सुदर्शन चोटिल, सरफराज खान की टीम में वापसी


नई दिल्ली, 09 अगस्त (हि.स.)। श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने चोटिल साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को टेस्ट टीम में शामिल करने का आधिकारिक एलान किया है।

साई सुदर्शन दाहिने पैर के अंगूठे में ‘स्ट्रेस रिएक्शन’ के कारण पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई के मुताबिक, सुदर्शन इस समय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में हैं और उनकी चोट में तेजी से सुधार हो रहा है। बोर्ड की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रख रही है।

28 वर्षीय सरफराज खान ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। अब करीब दो साल बाद उन्हें एक बार फिर टेस्ट टीम में जगह मिली है।

सरफराज ने 2024 में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने अब तक 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 371 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें लंबे समय से भारतीय टेस्ट टीम में नियमित जगह नहीं मिल पा रही थी।

BCCI ने बताया कि सरफराज गॉल रवाना होने से पहले भारतीय टीम के कैंप से जुड़ जाएंगे।

गॉल में होगा पहला टेस्ट

भारतीय टीम फिलहाल कोलंबो में है, जहां उसने श्रीलंका इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच खेला। अब टीम गॉल के लिए रवाना होगी। भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 अगस्त से सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे।

भारत का अपडेटेड स्क्वॉड

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय