home page

साई के सहयोग से राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों की तैयारी में जुटे भारतीय वेटलिफ्टर

 | 

नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। आगामी 2026 राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों को ध्यान में रखते हुए भारतीय खेल प्राधिकरण (साई)) ने देश के वेटलिफ्टरों की तैयारियों को नई गति दी है। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव दिलाने और लंबी अवधि के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के लिए लगभग 1.95 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है। इसी बीच भारतीय खिलाड़ी गुजरात के गांधीनगर में चल रही एशियाई सीनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं।

गुजरात में 17 मई तक हो रही इस चैंपियनशिप में भारत की भागीदारी के लिए करीब 70 लाख रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है। भारतीय दल में 22 खिलाड़ी, छह कोच, पांच सहयोगी स्टाफ और तीन रेफरी शामिल हैं। यह प्रतियोगिता आने वाले बड़े बहुराष्ट्रीय खेल आयोजनों की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इस प्रतियोगिता में कई उभरते हुए खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं, जिन्होंने खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत अपनी पहचान बनाई है। इनमें बेदाबरत भराली, पर्व चौधरी, ज्ञानेश्वरी यादव, संजना, माईबाम मार्टिना देवी, चारु पेसी, टी. माधवन, वल्लुरी अजय बाबू, अभिषेक निपाने, कोमल कोहर और कोयल बार जैसे नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों से भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

प्रतियोगिता के साथ-साथ साई ने मोदीनगर स्थित वेटलिफ्टिंग वॉरियर्स केंद्र और पटियाला के नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनएसएनआईएस) में दो समानांतर राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों को भी मंजूरी दी है। एक अप्रैल से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलने वाले इन शिविरों में पुरुष और महिला वर्ग के वरिष्ठ खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दोनों शिविरों पर कुल मिलाकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

इन प्रशिक्षण शिविरों का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता को मजबूत करना, फिटनेस और रिकवरी प्रबंधन पर ध्यान देना तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की संभावनाओं को बढ़ाना है। विशेषज्ञ कोचिंग और खेल विज्ञान सहायता के जरिए खिलाड़ियों को केंद्रीकृत प्रशिक्षण व्यवस्था का लाभ मिल रहा है, जिससे भारतीय वेटलिफ्टिंग को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय