home page

द आरएन व रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी सेमीफाइनल में पहुंचीं

 | 
द आरएन व रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी सेमीफाइनल में पहुंचीं


क्रिकेट में नेक्स्ट जनरेशन सत्यम और अहम कश्यप बने मैच के हीरो

मुरादाबाद, 28 अप्रैल (हि.स.)। नेक्स्ट जेनरेशन क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर आयोजित नेक्स्ट जनरेशन जूनियर हाइट एंड वेट 99 प्वाइंट क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को खेले गए दो क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में द आरएन क्रिकेट एकेडमी और रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। पहले मैच में सत्यम के बेहतरीन प्रदर्शन और दूसरे मुकाबले में अहम कश्यप की घातक गेंदबाजी ने अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाई।

पहले क्वार्टर फाइनल में सीसीएस क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 29.2 ओवर में 170 रन बनाए। मुकुल कुमार ने 52, शुऐब खान ने 35 और आदित्य ठाकुर ने 18 रन का योगदान दिया। जवाब में द आरएन क्रिकेट एकेडमी ने 28.5 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से रियाज अहमद और नक्श ने 37-37 रन बनाए, जबकि उदय वीर ने 24 और सत्यम ने नाबाद 18 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में सत्यम और अबूबकर तुर्क ने तीन-तीन विकेट लिए। इस मुकाबले में द आरएन क्रिकेट अकादमी ने चार विकेट से जीत दर्ज की। सत्यम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में पांच विकेट पर 217 रन बनाए। मयंक सैनी ने 86 और देव राजौरा ने 65 रन की शानदार पारियां खेलीं। जवाब में रामपुर क्रिकेट एकेडमी 17.2 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। पुण्यवीर सिंह ने नाबाद 62 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

रुक्मणी की ओर से अहम कश्यप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। रुक्मणी ने यह मुकाबला 97 रन से जीत लिया। अहम कश्यप को मैन ऑफ द मैच चुना किया गया।

इसके अलावा मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी रोमियो और सुधीर कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर यश रहे। इस दौरान टूर्नामेंट आयोजक व कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, मो. शाहिद, सोनू मलिक, अमान सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल