home page

सब जूनियर महिला हॉकी: डिवीजन ‘बी’ और ‘सी’ में कई टीमों की शानदार जीत

 | 
सब जूनियर महिला हॉकी: डिवीजन ‘बी’ और ‘सी’ में कई टीमों की शानदार जीत


रांची, 04 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के रांची में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 के चौथे दिन शनिवार को डिवीजन 'सी' में ले पुडुचेरी हॉकी और केरल हॉकी ने जीत हासिल की, जबकि डिवीजन 'बी' में हॉकी हिमाचल, हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु और दिल्ली हॉकी ने अपने-अपने मैच जीते।

दिन के पहले मैच में पूल बी, डिवीजन 'सी' में ले पुडुचेरी हॉकी ने हॉकी राजस्थान पर 10-0 से शानदार जीत दर्ज की। ले पुडुचेरी हॉकी की ओर से ज्ञानेश्वरी गिराका (2वें मिनट, 25वें मिनट, 28वें मिनट, 48वें मिनट), चंचल (26वें मिनट, 54वें मिनट, 55वें मिनट), हरिदर्शनी (18वें मिनट), थारिणी एस (30वें मिनट) और कप्तान कनागश्री (47वें मिनट) ने गोल दागे।

डिवीजन 'सी', पूल ए के एक मुकाबले में केरल हॉकी ने तेलंगाना हॉकी को 4-1 से हराया। केरल हॉकी की ओर से परमेश्वरी पिनापोथुला (6वें मिनट, 10वें मिनट), निरंजना प्रदीप (20वें मिनट) और कप्तान रेशमा समद (48वें मिनट) ने गोल किए, जबकि तेलंगाना हॉकी की ओर से एकमात्र गोल आनंदी महानंद (20वें मिनट) ने किया।

डिवीजन 'बी', पूल बी में हॉकी चंडीगढ़ और हॉकी उत्तराखंड के बीच मैच 2-2 से ड्रॉ रहा। हॉकी चंडीगढ़ के लिए अनु (27वें और 37वें मिनट) ने शानदार दो गोल दागे, जबकि हॉकी उत्तराखंड की कप्तान मीनाक्षी (49वें मिनट) और गुनगुन कटारिया (60वें मिनट) ने गोल किए।

डिविजन 'बी' पूल बी के एक अन्य मैच में हॉकी हिमाचल ने हॉकी कर्नाटक को 3-1 से हराया। विजयी टीम के लिए शानवी शर्मा (20वें और 33वें मिनट में) और आरुषि (7वें मिनट में) ने गोल दागे। हॉकी कर्नाटक की ओर से एकमात्र गोल सरस्वती एचवाई (39वें मिनट में) ने किया।

पूल ए, डिवीजन बी के मैच में तमिलनाडु हॉकी यूनिट ने असम हॉकी पर 5-1 से शानदार जीत दर्ज की। तमिलनाडु हॉकी यूनिट के लिए जोनिषाडेफनी एमजे (17वें, 42वें और 55वें मिनट) ने शानदार हैट्रिक बनाई, जबकि कप्तान कनिष्क एसएस (24वें मिनट) और जी स्वाति (36वें मिनट) ने भी गोल दागे। असम हॉकी के लिए कलिता चयनिका (8वें मिनट) ने एक गोल दागा।

दिन के आखिरी मुकाबले में दिल्ली हॉकी ने दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव हॉकी को 2-1 से हरा दिया। दिल्ली हॉकी की ओर से कप्तान दीपिका (5वें मिनट) और आश्ना कंबोज (42वें मिनट) ने गोल किए, जबकि दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव हॉकी की ओर से एकमात्र गोल प्रिया (43वें मिनट) ने किया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह