home page

पथिराना को श्रीलंका क्रिकेट से मिला एनओसी, जल्द जुड़ेंगे केकेआर टीम से

 | 
पथिराना को श्रीलंका क्रिकेट से मिला एनओसी, जल्द जुड़ेंगे केकेआर टीम से


कोलकाता/कोलंबो, 12 अप्रैल (हि.स.)। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथिसा पथिराना को श्रीलंका क्रिकेट ने फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) दे दिया है। इसके साथ ही वे अब कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से जुड़ने के लिए भारत आ सकेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पथिराना अपनी चोट से काफी हद तक उबर चुके हैं और 17 अप्रैल को टीम के साथ जुड़ने की संभावना है। हालांकि, उन्हें तुरंत प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया जाएगा। केकेआर की मेडिकल टीम से अंतिम फिटनेस क्लियरेंस मिलने के बाद ही वे 19 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।

पथिराना की वापसी केकेआर के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। टीम इस समय आईपीएल 2026 की अंक तालिका में निचले पायदान पर है। चार मैचों में तीन हार और एक मुकाबला बेनतीजा रहने के बाद टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।

गेंदबाजी विभाग केकेआर की सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है। चोट के कारण हर्षित राणा और आकाश दीप टीम से बाहर हैं, जबकि मुस्तफिजुर रहमान को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले रिलीज कर दिया गया था। इसके अलावा स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी फॉर्म में नहीं हैं।

केकेआर ने अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 220 रन का बड़ा स्कोर भी बचाने में नाकामी झेली। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्हें बड़ी हार का सामना करना पड़ा, जबकि लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ भी टीम जीत की स्थिति से मैच गंवा बैठी।

पथिराना को पिछले आईपीएल ऑक्शन में 18 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। उन्हें इस साल की शुरुआत में टी20 विश्व कप के दौरान पिंडली में चोट लगी थी, जिसके कारण वे शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेल सके। अब उनकी वापसी से केकेआर की गेंदबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे टीम टूर्नामेंट में वापसी की कोशिश करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय