एशियाई खेलों में जारी रहेगा ई-स्पोर्ट्स, ओसीए ने साफ किया रुख
नागोया (जापान), 29 सितंबर (हि.स.)। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) ने साफ किया है कि ई-स्पोर्ट्स एशियाई खेलों का हिस्सा बना रहेगा। जापान के आइची-नागोया में जारी 2026 एशियाई खेलों के बाद भी ई-स्पोर्ट्स को हटाया नहीं जाएगा।
ओसीए के महानिदेशक हुसैन अल मुसल्लम ने कहा कि ई-स्पोर्ट्स एशियाई खेलों के भीतर जारी रहेगा और संगठन एशिया में इसके विकास को लगातार समर्थन देता रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि OCA ने ई-स्पोर्ट्स को एशियाई खेलों से हटाने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है।
19 सितंबर 2026 को ओसीए ने कुवैत के साथ मेजबानी समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत 2027 में पहले एशियाई ई-स्पोर्ट्स और माइंड स्पोर्ट्स गेम्स का आयोजन कुवैत में होगा। ओसीए के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य एशियाई खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अतिरिक्त मंच उपलब्ध कराना है। इससे एशियाई खेलों में ई-स्पोर्ट्स की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
ई-स्पोर्ट्स ने 2018 में जकार्ता और पालेमबांग एशियाई खेलों में प्रदर्शन खेल के तौर पर शुरुआत की थी। इसके बाद हांगझोउ 2022 एशियाई खेलों में इसे आधिकारिक पदक खेल का दर्जा मिला, जहां कुल सात स्वर्ण पदक दांव पर थे।
आइची-नागोया एशियाई खेलों में ई-स्पोर्ट्स की 11 स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें कॉम्बैट स्पोर्ट्स, पोकेमॉन यूनाइट, ऑनर ऑफ किंग्स, लीग ऑफ लीजेंड्स, ई-फुटबॉल, जीटी रेसिंग 7 और अन्य खेल शामिल हैं।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

