राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप: हिमाचल-अरुणाचल की बड़ी जीत, चंडीगढ़-गोवा भी विजयी

 | 
राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप: हिमाचल-अरुणाचल की बड़ी जीत, चंडीगढ़-गोवा भी विजयी


झांसी, 05 अप्रैल (हि.स.)। 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 के दूसरे दिन का खेल बेहद रोमांचक रहा। हॉकी राजस्थान, हॉकी अरुणाचल, छत्तीसगढ़ हॉकी, हॉकी हिमाचल, हॉकी चंडीगढ़ और गोवन्स हॉकी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत स्थिति बना ली है।

डिवीजन ‘सी’ में पहले मुकाबले में हॉकी राजस्थान ने हॉकी जम्मू-कश्मीर को कड़े मुकाबले में 5-4 से हराया। राजस्थान की ओर से विशाल कुमार ने दो गोल (13’, 47’) किए, जबकि पुलकित केसरी, विक्रम सिंह राठौड़ और अनुराग ने एक-एक गोल दागा। वहीं जम्मू-कश्मीर के विषु शर्मा ने दो गोल (10’, 50’) किए।

दूसरे मैच में हॉकी अरुणाचल ने त्रिपुरा हॉकी को 20-0 के विशाल अंतर से हराया। अरुणाचल के अभिनव सिंह ने छह गोल किए और बृजेश यादव ने चार गोल दागे। जय प्रकाश पटेल और शहबाज़ खान ने हैट्रिक पूरी की जबकि नीरज, विशाल कुमार और कप्तान प्रांजल मिश्रा ने भी गोल किए।

तीसरे मैच में छत्तीसगढ़ हॉकी ने बिहार हॉकी संघ को 15-0 से शिकस्त दी। टीम के लिए अर्जुन यादव, के.सी. बोप्पन्ना, कार्तिक यादव, शैलेन्द्र वर्मा और सोनू निषाद ने दो-दो गोल किए।

एक अन्य मैच में हॉकी हिमाचल ने हॉकी गुजरात को 17-1 से हराया। हर्ष और रजत शर्मा ने पांच-पांच गोल, अमित कुमार ने हैट्रिक और आयुष ने दो गोल किए।

डिवीजन ‘बी’ के मुकाबले में हॉकी चंडीगढ़ ने तेलंगाना हॉकी को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराया। चंडीगढ़ की ओर से मोहित और दिलीप पाल ने गोल किए।

दिन के आखिरी मैच में गोवन्स हॉकी ने हॉकी आंध्र प्रदेश को 5-1 से हराया। टीम के त्रिशुल गणपति, अयाज़ खान, महादेव नाइक, साहिल चारी और इस्सुब सय्यद ने शानदार प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय