home page

राजा भोज नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप में मप्र के सेलर्स का दबदबा, कई वर्गों में हासिल किया शीर्ष स्थान

 | 
राजा भोज नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप में मप्र के सेलर्स का दबदबा, कई वर्गों में हासिल किया शीर्ष स्थान


राजा भोज नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप में मप्र के सेलर्स का दबदबा, कई वर्गों में हासिल किया शीर्ष स्थान


भोपाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अपर लेक स्थित बोट क्लब पर चल रही तृतीय राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप-2026 के चौथे दिन शुक्रवार को हुए मुकाबलों में प्रदेश के सेलर्स ने शानदार प्रदर्शन किया। हवा की दिशा, लहरों की गति और तकनीकी कौशल के बीच मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतरीन संतुलन और रणनीति का परिचय देते हुए विभिन्न वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किए।

भोपाल की बड़ी झील स्थित बोट क्लब पर 10 से 16 अगस्त तक आयोजित इस राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता में 12 राज्यों के करीब 100 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शुक्रवार को छह रेस के बाद जारी प्रोविजनल परिणामों में आईएलसीए-4, आईक्यू फॉइल, टेक्नो और 29ईआर सहित कई वर्गों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी रही।

आईएलसीए-4 पुरुष में शुभम यादव अव्वल, शीर्ष चार में प्रदेश के चार सेलर्स

शुक्रवार को हुई आईएलसीए-4 पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में एनएसएस भोपाल के शुभम यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने पांच काउंटिंग स्कोर में 11 नेट अंक अर्जित किए। अंकित सिंह सिसोदिया 13 नेट अंकों के साथ दूसरे और वासु चंद्रवंशी 16 नेट अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। घनश्याम यादव ने चौथा स्थान हासिल किया। इस तरह इस वर्ग में शीर्ष चारों स्थानों पर एनएसएस भोपाल के सेलर्स का कब्जा रहा।

आईएलसीए-4 महिला में तुलशी दूसरे, माही तीसरे स्थान पर

आईएलसीए-4 महिला वर्ग में एनएसएस भोपाल की तुलशी पटले ने 10 नेट अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। माही वर्मा 11 नेट अंकों के साथ तीसरे और आस्था पांडे 19 नेट अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं। मांका शर्मा भी शीर्ष छह में शामिल रहीं। इस वर्ग में भी मध्यप्रदेश की खिलाड़ियों ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए शीर्ष क्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

आईक्यू फॉइल में आर्यन और प्रार्थना ने लहरों पर लिखी जीत की कहानी

आईक्यू फॉइल बॉयज वर्ग में एनएसएस भोपाल के आर्यन पाटीदार ने छह में से पांच काउंटिंग रेस में प्रथम स्थान हासिल करते हुए 5 नेट अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने लगातार बेहतरीन रफ्तार और नियंत्रण का प्रदर्शन किया। आईक्यू फॉइल महिला वर्ग में एनएसएस भोपाल की प्रार्थना भोई ने भी शानदार प्रदर्शन किया। छह रेस में उनके पांच काउंटिंग स्कोर 5 नेट अंकों के रहे और उन्होंने वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।

29ईआर में शरन्य-हृदय की जोड़ी पहले स्थान पर

वहीं, 29ईआर पुरुष वर्ग में एनवायएससी की शरन्य जाधव और हृदय जोशी की जोड़ी ने छह रेस में पांच प्रथम स्थान हासिल करते हुए 5 नेट अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। एनएसएस के रुद्रेश सिंह पटेल और मयंक राजपूत 9 नेट अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं 29ईआर महिला में एनएसएस भोपाल की शगुन झा और अपर्णा चौधरी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी छह रेस में शीर्ष स्थान हासिल किया। पांच काउंटिंग स्कोर के आधार पर उनके 5 नेट अंक रहे और वे वर्ग में पहले स्थान पर रहीं।

टेक्नो में मध्य प्रदेश की युवा प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन

टेक्नो पुरुष वर्ग अंडर-15 में एनएसएस भोपाल के अंकित विश्वकर्मा ने सभी काउंटिंग रेस में प्रथम स्थान हासिल करते हुए 5 नेट अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। एमपीवायए के अयान खान 9 नेट अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। टेक्नो पुरुष अंडर-17 में एनएसएस भोपाल के सोहम योगेश राजपूत 5 नेट अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे। ईएमईएससी भोपाल के आरान मलिक दूसरे और एनएसएस भोपाल के स्वस्तिक गौतम तीसरे स्थान पर रहे। टेक्नो महिला अंडर-15 में एनएसएस भोपाल की अनन्या अवधिया ने पहला और विपासा सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं टेक्नो महिला अंडर-17 में आयएएम की प्रियंशी एम. पाटिल पहले और एनएसएस भोपाल की तेजस्वी प्रजापति दूसरे स्थान पर रहीं।

ऑपटिमिस्ट में भी मध्य प्रदेश की प्रतिभाओं ने दिखाया दम

ऑपटिमिस्ट मेन वर्ग में एसएससी की शृंगारी रॉय ने पहला स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में एनएसएस भोपाल के समर पंचेश्वर ने तीसरा, लिखित अहिरवार ने पांचवां और जाग्रव कुमार ने छठा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में एनएसएस भोपाल की सिद्धि टोंडन सातवें और ध्रुवी टोंडन 11वें स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में कुल 25 प्रतिभागियों के परिणाम जारी किए गए।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश के सेलर्स के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अपर लेक की लहरों पर प्रदेश के युवा सेलर्स का उत्कृष्ट प्रदर्शन उनकी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का प्रमाण है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में अलग-अलग वर्गों में खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति यह दर्शाती है कि मध्यप्रदेश वाटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियों की ओर बढ़ रहा है।

मंत्री सारंग ने कहा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी अब हर खेल मैदान के साथ-साथ जल क्रीड़ा के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, उच्च स्तरीय खेल अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भोपाल की झीलों से तैयार हो रही यह युवा प्रतिभाएं आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मध्यप्रदेश का परचम और ऊंचा करेंगी।

16 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे समापन

अपर लेक के बोट क्लब स्थित वाटर स्पोर्ट्स सेंटर में 11 अगस्त से जारी राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप-2026 का समापन समारोह 16 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। इस अवसर पर विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सेलर्स को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनकी उपलब्धियों का उत्सव मनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर