home page

भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मैच आज इंदौर में

 | 
भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मैच आज इंदौर में


भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मैच आज इंदौर में


इंदौर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में आज क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहेगा। होलकर स्टेडियम में शाम 7 बजे भारत और वेस्टइंडीज के बीच चल रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर शहर में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है, इसलिए रविवार का यह मुकाबला सीरीज में बढ़त बनाने के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है। वहीं, मैच के लिए सुरक्षा व्यवस्था कई स्तरों पर तैयार की गई है। स्टेडियम परिसर में 160 सीसीटीवी कैमरे निगरानी करेंगे। इसके अलावा 60 फेस रिकग्निशन कैमरों और 10 से अधिक ड्रोन के इस्तेमाल की योजना है।

मैच का सीधा असर शहर के यातायात पर भी पड़ेगा। दोपहर 2 बजे से मैच खत्म होने तक स्टेडियम के आसपास कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है और ट्रैफिक को भी डायवर्ट कर दिया गया है। दर्शकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर स्टेडियम तक पैदल पहुंचना होगा। सुरक्षा के लिए 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. जबकि 150 यातायात पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही और डायवर्जन पर नजर रखेंगे। दूसरे जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। स्टेडियम में प्रवेश करने वाले दर्शकों की जांच, भीड़ का प्रबंधन और खिलाड़ियों की सुरक्षा पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारियां रहेंगी।

इधर, मैच शुरू होने पहले ही शहर में क्रिकेट का माहौल पूरी तरह से बन चुका है और स्टेडियम के बाहर टीम इंडिया की जर्सी, टी-शर्ट और कैप की दुकानें सज चुकी हैं, जहां प्रशंसक जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है। ऐसे में इंदौर का तीसरा मुकाबला सीरीज में बढ़त हासिल करने के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। मुकाबला निर्धारित समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।

भारतीय टीम में संजू सैमसन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, शिवम दुबे, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, मयंक यादव, नमन धीर, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी जैसे बेहतरीन खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम में शाई होप (विकेट कीपर), कामिल पूरन, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेस, शमर स्प्रिंगर, गुडाकेश मोती, अकील होसेन, शमर जोसेफ, क्वेंटिन सैम्पसन, मैथ्यू फोर्ड, आमिर जांगू, कीमो पॉल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

बड़े शॉट और आक्रामक खेल के लिए प्रसिद्ध मैदान

होलकर स्टेडियम हमेशा से बड़े स्कोर और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता रहा है। इस मैदान की चौकोर बाउंड्री करीब 56 मीटर और सीधी बाउंड्री लगभग 68 मीटर बताई जाती है। इस प्रकार की छोटी बाउंड्री पर सही टाइमिंग के साथ लगाए गए शॉट आसानी से गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा सकते हैं। टी-20 क्रिकेट के फॉर्मेट में छोटी बाउंड्री का महत्व और भी अधिक बढ़ जाता है, जहां कुछ ही अच्छे ओवर पूरे मैच का रुख पलट सकते हैं। इस मुकाबले के लिए पिच को भी टी-20 मैच के अनुकूल ही तैयार किया गया है। स्टेडियम में आने वाले दर्शकों को बड़े शॉट, तेज रन और एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने की पूरी उम्मीद रहेगी।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, मौसम भी रहेगा साफ

मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के सीईओ रोहित पंडित ने बताया कि मैच के लिए होलकर स्टेडियम को खास अंदाज में तैयार किया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर में रविवार को हल्की गर्मी रहेगी और मौसम साफ रहेगा। शाम को ओस का भी खास प्रभाव नहीं होगा।

रोहित पंडित ने बताया कि मैच के दौरान मौसम को लेकर भी एमपीसीए की नजर बनी हुई है। फिलहाल इंदौर में मौसम सामान्य है और बारिश का कोई खास अनुमान नहीं है। मानसून का दौर भी खत्म हो चुका है। इसके बावजूद यदि मैच के दौरान अचानक बारिश होती है तो मैदान को तुरंत कवर करने की व्यवस्था रहेगी।

सुरक्षा में पुलिस के साथ तकनीक का भी इस्तेमाल

रोहित पंडित ने बताया कि भारत और वेस्टइंडीज का मुकाबला देखने के लिए करीब 27 से साढ़े 27 हजार दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए तैयारी की गई है। स्टेडियम में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ टर्नस्टाइल और फेस रिकॉग्निशन जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अलग-अलग विभागों ने भी मैच को लेकर अपनी तैयारियां की है। स्टेडियम में आने वाले हर दर्शक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

इंदौर के होलकर स्टेडियम में अब तक चार अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले गए हैं। इसमें से तीन में भारत ने जीत दर्ज की है जबकि एक मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम ने कभी भी इंदौर में टी-20 मैच नहीं खेला है। कैरेबियाई टीम होलकर स्टेडियम में केवल एक बार दिसंबर 2011 को वनडे मैच खेलने आई थी। इस मैच में टीम को 153 रनों के विशाल अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर