भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार जीता विश्व स्नूकर खिताब
- फाइनल में हांगकांग की सो मैन यान को 3-1 से हराया, पुरुष वर्ग में ईरान के अली भी दूसरी बार बने विश्व चैंपियनशिप
इंदौर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित यशवंत क्लब में आयोजित आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ी अनुपमा रामचंद्रन ने नया इतिहास रच दिया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में 24 वर्षीय अनुपमा ने महिला वर्ग के फाइनल में हांगकांग की सो मैन यान को 3-1 से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार विश्व खिताब अपने नाम किया। वह महिला वर्ग में लगातार दो बार यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
वहीं, पुरुष वर्ग में ईरान के अली घरहागोजलू ने हांगकांग के टैम युन फंग को 5-1 से हराकर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 30 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शनिवार को महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबलों के बाद चैंपियनशिप का समापन हुआ। प्रतियोगिता में कुल करीब 40 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि वितरित की गई।
पहली फ्रेम गंवाई, फिर लगातार तीन जीतकर पलटा मुकाबला
महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में अनुपमा की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हांगकांग की सो मैन यान ने पहली फ्रेम 58-16 से जीतकर बढ़त बना ली। हालांकि, इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया।
अनुपमा ने दूसरी फ्रेम 83-7 से जीतकर स्कोर बराबर किया। इसके बाद तीसरी फ्रेम 85-26 और चौथी फ्रेम 65-37 से अपने नाम कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। इस तरह उन्होंने 3-1 से फाइनल जीतकर विश्व चैंपियन का ताज बरकरार रखा।
दोहा के बाद इंदौर में भी कायम रखा दबदबा
अनुपमा ने नवंबर 2025 में दोहा में आयोजित विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप में पहली बार सीनियर विश्व खिताब जीता था। तब उन्होंने फाइनल में हांगकांग की एनजी ऑन यी को 3-2 से पराजित किया था। इंदौर में खिताब का सफल बचाव कर उन्होंने लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की।
उनका अंतरराष्ट्रीय सफर भी उपलब्धियों से भरा रहा है। वर्ष 2017 में उन्होंने अंडर-16 गर्ल्स विश्व ओपन स्नूकर चैंपियनशिप जीती थी। इसके बाद 2023 में रियाद में विश्व अंडर-21 महिला स्नूकर चैंपियन बनीं। इसी वर्ष उन्होंने टीम स्पर्धा में विश्व महिला स्नूकर कप का खिताब भी हासिल किया।
भारतीय दर्शकों के सामने खिताब बचाना गर्व का पल
खिताब जीतने के बाद अनुपमा ने कहा कि पहली बार विश्व चैंपियन बनना उनके लिए खास था, लेकिन दूसरी बार खिताब का बचाव करना उससे भी ज्यादा यादगार अनुभव रहा। इंदौर में भारतीय दर्शकों के सामने जीत हासिल करना उनके लिए गर्व और खुशी का अवसर है।
उन्होंने बताया कि दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी हिस्सा लेंगी। वहां के प्रदर्शन के आधार पर अगले साल की खेल गतिविधियों की तैयारी होगी। अनुपमा ने भारत में स्नूकर को और लोकप्रिय बनाने की जरूरत भी बताई। उनका कहना है कि अभी बड़ी संख्या में लोग इस खेल से परिचित नहीं हैं। खिलाड़ियों का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग स्नूकर को देखें और इसे समझें।
पुरुष वर्ग में अली ने फाइनल 5-1 से जीता
पुरुष वर्ग के फाइनल में ईरान के 32 वर्षीय अली घरहागोजलू ने हांगकांग के 24 वर्षीय टैम युन फंग को एकतरफा अंदाज में 5-1 से हराया। अली ने पहली फ्रेम 55 के ब्रेक के दम पर जीती, जबकि दूसरी फ्रेम में फंग ने 73 का ब्रेक लगाकर बराबरी कर ली।
इसके बाद ईरानी खिलाड़ी ने लगातार तीन फ्रेम जीतकर 4-1 की बढ़त बना ली। पांचवीं फ्रेम में 65 और छठी में 85 का ब्रेक लगाकर उन्होंने मुकाबला अपने नाम कर लिया। अली ने इससे पहले भी विश्व खिताब जीता था। भारतीय दिग्गज पंकज आडवाणी को सेमीफाइनल में अली ने 5-3 से हराया। इस तरह आडवाणी प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रहे।
इंदौर की मेजबानी से विदेशी खिलाड़ी प्रभावित
चैंपियनशिप में शामिल विदेशी खिलाड़ियों ने इंदौर की व्यवस्थाओं, मौसम और मेहमाननवाजी की सराहना की। अंतरराष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (आईबीएसएफ) के अध्यक्ष मुबारक अल खारियान ने भी आयोजन पर संतोष जताया। उन्होंने इंदौर में भविष्य में भी विश्व स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने की संभावना व्यक्त की।
पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के अध्यक्ष बालासुब्रमण्यम, सचिव सुनील बजाज, आईबीएसएफ के जीम लेसी, मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन के अध्यक्ष भोलू मेहता, महासंघ की उपाध्यक्ष अश्विनी पुराणिक, यशवंत क्लब के अध्यक्ष जीतू जैन और सचिव विजय कस्तूरी मौजूद रहे। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

