home page

70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिताः उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर और केरल ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

 | 
70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिताः उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर और केरल ने बनाई सेमीफाइनल में जगह


नरसिहंपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में चल रही 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता आयु वर्ग-19 बालक 2026-27 के अंतर्गत रविवार को विभिन्न खेल मैदानों पर रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बिहार एवं जम्मू-कश्मीर ने जीत दर्ज की, जबकि क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर एवं केरल की टीमों ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

रविवार को रूद्र मैदान गाडरवारा में खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बिहार ने वेस्ट बंगाल को 35 रनों से हराया। बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में वेस्ट बंगाल की टीम 119 रन पर ऑलआउट हो गई। बिहार के कुमार शान ने 4 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त किया।

वहीं, कौड़िया मैदान पर खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने महाराष्ट्र को 19 रनों से पराजित किया। जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन बनाए। जवाब में महाराष्ट्र की टीम 157 रन पर ऑलआउट हो गई। जम्मू-कश्मीर के करणवीर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एनटीपीसी मैदान पर उत्तर प्रदेश ने चंडीगढ़ को 7 विकेट से हराया। चंडीगढ़ की टीम ने 85 रन बनाए, जिसके जवाब में उत्तर प्रदेश ने 15 ओवर में 3 विकेट खोकर 86 रन बनाकर जीत हासिल की। उत्तर प्रदेश के राहुल यादव ने 44 रनों की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने।

रूद्र मैदान पर खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल में तमिलनाडु ने बिहार को 5 विकेट से हराया। बिहार की टीम 99 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में तमिलनाडु ने 17.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 101 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। तमिलनाडु के यशराज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

बोहानी स्थित राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान पर जम्मू-कश्मीर ने पंजाब को 11 रनों से पराजित किया। जम्मू-कश्मीर ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 172 रन बनाए। प्रदीप ने 49 रनों की पारी खेली। जवाब में पंजाब की टीम 161 रन पर ऑलआउट हो गई। जम्मू-कश्मीर की जीत में अजितेश ने 3 विकेट हासिल किए।

आमगांव छोटा मैदान पर खेले गए चौथे क्वार्टर फाइनल में केरल ने डीएवी को 6 विकेट से हराया। डीएवी की टीम ने 167 रन बनाए। जवाब में केरल ने 4 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। केरल के क्रिस को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

16 नवंबर को होंगे दोनों सेमीफाइनल मुकाबले

प्रतियोगिता के अंतर्गत 16 नवंबर 2026 को पहला सेमीफाइनल उत्तर प्रदेश एवं तमिलनाडु के बीच रूद्र मैदान गाडरवारा में खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल जम्मू-कश्मीर एवं केरल के मध्य राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान, बोहानी में आयोजित होगा। दोनों मुकाबलों की विजेता टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर