home page

उप्र स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगी पीतलनगरी

 | 
उप्र स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगी पीतलनगरी


मुरादाबाद, 12 सितम्बर (हि.स.)। पहली बार पीतलनगरी मुरादाबाद उप्र स्टेट रैंकिंग टेवल टेनिस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगी। समर वैली स्कूल मुरादाबाद में 25 से 27 सितंबर तक होने वाली चौथी राज्य रैंकिंग प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के खिलाड़ी रैंकिंग और खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगे। प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य स्तर की कड़ी प्रतिस्पर्धा में अपनी प्रतिभा परखने का मौका मिलेगा। शनिवार को टूर्नामेंट को लेकर समर वैली स्कूल में बैठक आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रविष्टि की अंतिम तिथि 15 सितंबर तय की गई है। निर्धारित प्रारूप में ई-मेल के माध्यम से प्रविष्टियां भेजी जाएंगी। आयोजन को लेकर स्कूल प्रबंधन और जिला एसोसिएशन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रतियोगिता व सचिव योगेंद्र गौतम और प्रतियोगिता के आयोजन सचिव व राष्ट्रीय पदक विजेता अनिल सेन ने बताया कि जिले को पहली बार रैंकिंग टूर्नामेंट की मेजबानी मिली।

समर वैली स्कूल के प्रधानाचार्य विशाल उपाध्याय ने कहा कि जिले में पहली बार राज्य रैंकिंग प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना गौरव की बात है। इससे शहर और आसपास के उभरते खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खेलने का अनुभव मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल