ब्रास सिटी इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट : मॉडर्न पब्लिक स्कूल क्रिकेट टीम ने स्काईलाइन को 29 रनाें से दी मात
मुरादाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में ब्रास सिटी इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को एमपीएस क्रिकेट एकेडमी के ग्राउंड पर आयोजित लीग मैच में मॉडर्न पब्लिक क्रिकेट टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्काईलाइन को 28 रन से हराकर जीत दर्ज की। दानिश आलम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि रविवार को खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मॉडर्न पब्लिक स्कूल क्रिकेट टीम ने निर्धारित 30 ओवर में आठ विकेट पर 236 रन की पारी खेली। जवाब में स्काईलाइन की टीम 30 ओवर में नौ विकेट पर 207 रन ही बना सकी। मॉडर्न पब्लिक स्कूल क्रिकेट टीम की ओर से दानिश आलम ने 71 गेंदों पर 97 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और चार छक्के जड़े। उनके अलावा आयुष सिंह नाबाद 24, प्रतिक्षा नाबाद 12, आयुष पाल 20 और राजवीर सिंह ने 20 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्काईलाइन की शुरुआत अच्छी रही। टीम की ओर से आरव कश्यप ने 37 गेंदों पर 55 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। दीपांशु चौधरी ने 30 और कप्तान रोहन सिंह ने 23 रन बनाए। अंत में पलक सिंह ने 19 गेंदों में 33 रन बनाकर संघर्ष किया लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। गेंदबाजी में एमपीएस रेड के लिए वंश सक्सेना ने तीन विकेट चटकाए, जबकि प्रतीक्षा और सोहिल राघव ने दो-दो विकेट हासिल किए। दानिश आलम को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

