home page

एमडीयू रोहतक बना चैंपियन, लवली यूनिवर्सिटी उपविजेता

 | 
एमडीयू रोहतक बना चैंपियन, लवली यूनिवर्सिटी उपविजेता


सिरसा, 05 अप्रैल (हि.स.)। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा में आयोजित चार दिवसीय नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला खो-खो प्रतियोगिता में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक प्रथम रहा, जबकि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ और भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय संगठन मंत्री बीआर शंकरानंद ने विजेताओं को पुरस्कार भेंट किए। इस प्रतियोगिता में 33 टीमों ने भाग लिया तथा चार दिनों में 47 मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए लीग मैचों के परिणामों के आधार पर महार्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक ने प्रथम स्थान, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने द्वितीय स्थान, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ ने तृतीय स्थान तथा मेजबान सीडीएलयू सिरसा की टीम ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए शंकरानंद ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ाती हैं। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर सीडीएलयू के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार, डॉ. पल्लवी राय, स्पोट्र्स काउंसिल की अध्यक्ष प्रो. मोनिका वर्मा, अंतरराष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी मीनू जून, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी ऑब्जर्वर प्रो. रविंदर पाल अहलावत, प्रो. अशोक मलिक, प्रो. अशोक शर्मा, प्रो. ईश्वर मलिक, डॉ. सविता ढांडा, कोच हंसराम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma