खेलो हिमाचल के तहत 15 दिसंबर से धर्मशाला में होंगी उपमण्डल स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं
धर्मशाला, 28 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से खेलो हिमाचल अभियान के तहत 15 दिसंबर से धर्मशाला में उपमण्डल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
एसडीएम मोहित रत्न ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेलो हिमाचल अभियान के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करने और स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबाल, हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी तथा बास्केटबॉल सहित कुल 10 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी प्रतियोगिताओं के लिए ऑनलाइन पोर्टल https://khelohimachal.hp.gov.in/ अथवा क्यूआर कोड स्कैन करके आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक विभिन्न खेल स्पर्धाओं में कुल 608 टीमों ने पंजीकरण करवा चुकी हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर युवाओं को प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार
एसडीएम ने बताया कि प्रतियोगिताओं के विभिन्न चरणों में विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उपमण्डल स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 41 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को दो लाख रुपये, द्वितीय विजेता को डेढ़ लाख रुपये तथा तृतीय विजेता को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को 31 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 15 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 10 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी।
एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ आयोजन की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित बनाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

