home page

आईपीएल : धर्मशाला में पहले क्वालीफ़ायर में आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को महामुकाबला

 | 
आईपीएल : धर्मशाला में पहले क्वालीफ़ायर में आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को महामुकाबला


धर्मशाला, 25 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीजन 2026 का सफर अब अंतिम पड़ाव पर पंहुच गया है। क्वालीफ़ायर और एलमिनेटर के लिए चार टीमों का चयन हो चुका है। इसी कड़ी में पहले क्वालीफ़ायर मुकाबले के लिए 26 मई को विश्व के खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियमों में से एक धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में आरसीबी और गुजरात टाइटंस की टीमें आमने सामने होंगी। यह दोनों ही टीमें इस सीजन की टॉप टीमें हैं। क्वालीफ़ायर-एक का मुकाबला कल मंगलवार को शाम साढ़े सात बजे से धर्मशाला में खेला जाना है। धर्मशाला में होने वाले इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सीधा फाइनल में प्रवेश करेगी जोकि 31 मई को गुजरात के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम अहमदाबाद में खेला जाना है। वहीं हारने वाली टीम को फाइनल में पंहुचने के लिए दूसरा मौका मिलेगा।

धर्मशाला में होने वाला यह मुकाबला ब्लॉकबस्टर होने वाला है। इस महामुकाबले की मेजबानी के लिए स्टेडियम पूरी तरह तैयार है और क्रिकेट प्रेमियों में इसे लेकर जबरदस्त रोमांच देखा जा रहा है।

धर्मशाला में खेले जाने वाले इस मैच से पहले ही आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का क्रेज सातवें आसमान पर है। टेबल पॉइंट पर पहले स्थान पर आरसीबी की टीम इस सीजन के दूसरा मैच धर्मशाला में खेलने जा रही है। हाल ही बीते 17 मई को भी आरसीबी की टीम लीग मुकाबले के लिए पंजाब किंग्स इलेवन के दूसरे घर धर्मशाला में थी जहां उसने मेजबान पंजाब को हराया था। उस मैच में भी कोहली के लिए बड़ी संख्या में देश भर से प्रशंसक धर्मशाला पंहुचे थे। ऐसे में एक बार फिर कोहली और उनकी टीम धर्मशाला की वादियों में पंहुचने वाली है जिससे एक बार फिर धर्मशाला पूरी तरह पैक हो रहा है। विराट कोहली की फैन फोलोविंग इतनी जबरदस्त है कि विराट को लाइव खेलते देखने के लिए हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा और दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों से भी फैंस भारी संख्या में धर्मशाला पहुंच रहे हैं।

धर्मशाला की ठंडी हवाओं और धौलाधार की पिचों के मिजाज को समझने के लिए दोनों टीमों ने सोमवार देर शाम को स्टेडियम पंहुचकर नेट में जमकर पसीना बहाया।

उधर इस बड़े मुकाबले की बात करें तो आरसीबी की टीम एक सप्ताह पूर्व ही यहां मैच खेलकर गई है जिससे इस मैदान की परिस्थितियों से वह काफी वाकिफ हैं। ऐसे में गुजरात टाइटन्स जोकि सीजन का पहला मैच खेलने यहां पंहुची है उस पर कुछ हद तक दबाव बन सकता है। हालांकि गुजरात टाइटंस की ओर से इस सीजन में युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल बेहद शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, जो आरसीबी के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती होंगे।

दूसरी ओर धर्मशाला की इस तेज और उछाल भरी पिच पर आरसीबी के रन-मशीन विराट कोहली का विशाल अनुभव बेंगलुरु के लिए सबसे बड़ा 'एक्स-फैक्टर' साबित होने वाला है। बेंगलुरु की टीम को इस मैदान पर हाल ही में खेलने का अनुभव भी है, जिसका फायदा उठाकर वे फाइनल का टिकट पक्का करना चाहेंगे। कुल मिलाकर कल मंगलवार को इस मैच में दोनों ही टीमों के बीच एक बेहद रोमांचक मुकाबले में कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।

बड़े मुकाबले के लिए धर्मशाला और साथ लगते क्षेत्रों में पैक हुए होटल

उधर इस बड़े मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा क्रेज है। खासकर आरसीबी की टीम में विराट कोहली को खेलते देखने के लिए एक बार फिर उनके प्रशंसक बड़ी संख्या में धर्मशाला पंहुचने वाले हैं। वहीं इस बड़े मुकाबले का मजा लेने के लिए हिमाचल सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी धर्मशाला का रुख करने लगे हैं। धर्मशाला में इस सीजन के पहले ही तीन मैच खेले जा चुके हैं। जिससे यहां के होटल और पर्यटन उद्योग से जुड़े अन्य लोगों को आर्थिक तौर पर काफी फायदा हुआ है। ऐसे में अब इस बड़े मैच के लिए एक बार फिर धर्मशाला, मैक्लोडगंज सहित साथ लगते क्षेत्रों के होटल व गेस्ट हाउस पूरी तरह बुक हो चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया