home page

ऑल इंडिया शहीद मेजर दुर्गामल्ल-कैप्टन दल बहादुर मैमोरियल फुटबॉल गोल्ड कप 27 अप्रैल से

 | 

धर्मशाला, 20 मार्च (हि.स.)।

स्पोर्टस सिटी धर्मशाला में अप्रैल माह में देश के विभिन्न राज्यों के फुटबॉलर जुटेंगे। 27 अप्रैल से 3 मई तक धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में ऑल इंडिया शहीद मेजर दुर्गामल्ल-कैप्टन दल बहादुर मैमोरियल फुटबॉल गोल्ड कप का आयोजन किया जाएगा। इसमें भारतीय सेनाओं संग देश भर की एक दर्जन की करीब टीमें भाग लेंगी। फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन धर्मशाला के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस पुलिस मैदान में करवाया जाएगा। फुटबॉल टूर्नामेंट में 12 टीमें भाग लेंगी, फाईनल तीन मई को खेला जाएगा। इसमें विजेता टीम को दो लाख, जबकि उपविजेता टीम को एक लाख की राशि बतौर पुरस्कार प्रदान की जाएगी। इस दौरान एसोसिएशन ने केंद्र व प्रदेश सरकार से शहीद मेजर दुर्गामल्ल-कैप्टन दल बहादुर के शहीदी दिवस पर सरकारी अवकाश प्रदान करने की मांग रखी।

गोल्ड कप एसोसिएशन के अध्यक्ष पालम जंग प्रधान ने कहा प्रतियोगिता का ये 34वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। तीन मई को ही शहीद दल बहादुर का शहीदी दिवस भी रहता है। इसमें आर्मी, सीआईएसएफ व मणिपुर गोरखा फुटबॉल एसोसिएशन भी पहली बार पहुंच रही है। पश्चिम बंगाल की बी टीम भी पहली बार धर्मशाला पहुंच सकती है। वर्ष 1989 में प्रतियोगिता शुरू करने वालों लोगों को भी इस मौके पर सम्मानित किया गया है। इसमें नेपाल की एक फाउंडेशन की ओर से भी मदद प्रदान की जा रही है।

एसोसिएशन के महासचिव राजेश थापा ने कहा कि 27 अप्रैल से तीन मई तक 1989 से फुटबॉल आयोजन हो रहा है। इस बार 34वीं बार प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। नवनियुक्त कमेटी की ओर से अंडर-19 स्कूल टूर्नामेंट का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें लड़कियों की सहभगिता सहित बुजुर्गों का भी इवेंट करवाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया